बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, तीन चरणों में होगा मतदान

  
Last Updated:  September 25, 2020 " 09:35 pm"

नई दिल्ली : मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए बिहार में विधानसभा के चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। 243 सीटों पर तीन चरणों में चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न होगी। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 16 जिलों की 71 सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए 31 हजार पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। मतदान का दूसरा चरण 3 नवम्बर को सम्पन्न होगा। इसमें 17 जिलों की 94 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। कुल 42 हजार पोलिंग बूथ पर मतदान होगा। तीसरे और अंतिम चरण में 7 नवम्बर को वोटिंग होगी। इसके तहत 15 जिलों की 78 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके लिए 33 हजार से अधिक पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। 10 नवम्बर को मतगणना के साथ नतीजे घोषित किए जाएंगे।

एक बूथ पर 1 हजार वोटर होंगे।

केंद्रीय मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि एक पोलिंग बूथ पर 15 सौ की जगह 1 हजार मतदाता रखे जाएंगे।कुल 7 करोड़ 29 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदान का समय एक घंटा बढाया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि बिहार विधानसभा के चुनाव में मतदान का समय एक घंटा बढ़ा दिया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर शेष इलाकों में सुबह 7 बजे से लेकर शाम 5 की बजाए 6 बजे तक मतदान होगा।

आदर्श आचार संहिता के साथ तय किए गए कड़े नियम।

मुख्य चुनाव आयुक्त के अनुसार नामांकन के लिए उम्मीदवार 5 की जगह 2 ही गाड़ियां साथ ले जा सकेंगे। जो मरीज क्वारनटाइन हैं वे मतदान के दिन आखिरी घंटे में ही मतदान कर पाएंगे।

मास्क, पीपीई किट का होगा इस्तेमाल।

चुनाव प्रक्रिया में शामिल अधिकारी- कर्मचारियों को मास्क, फेस शील्ड, हैंड ग्लव्स और पीपीई किट उपलब्ध कराए जाएंगे। कुल 46 लाख मास्क, 23 लाख जोड़ी हैंड ग्लव्स और 6 लाख पीपीई किट का इस्तेमाल चुनाव में किया जाएगा।

कोविड – 19 के नियमों का होगा सख्ती से पालन।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान कोविड-19 के नियमों का सख्ती के साथ पालन करना होगा। जिला प्रशासन की यह जिम्मेदारी होगी कि वह नियमों का पालन करवाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगाह रखी जाएगी। साम्प्रदायिकता या वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *