बादल छंटते ही मौसम में घुली ठंडक, कड़ाके की सर्दी से लोग ठिठुरने पर हुए मजबूर

  
Last Updated:  January 12, 2021 " 11:48 pm"

नई दिल्ली : उत्तर-भारत में बादल छंटने और बर्फीली हवा चलने से मौसम में ठंडक घुल गई है। कंपकपाहट भरी ठंड ने लोगों की परेशानी बढा दी है। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि बारिश के बाद उत्तर भारत में शीतलहर लौटेगी। उधर पहाड़ों पर बर्फबारी भले ही अभी रुकी हो लेकिन बर्फ की मोटी परत हर तरफ दिखाई दे रही है। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में आम जिंदगी बर्फ के चलते जम सी गई है। 14 जनवरी तक मौसम के खुले रहने के आसार हैं। दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर की वापसी हो गई है, ठंड बढ़ गई है और 14 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पंजाब हरियाणा और राजस्थान भी शीतलहर की चपेट में हैं। उत्तर प्रदेश में 13 जनवरी तक कोहरा पड़ सकता है। वहीं बारिश झेल रहे मध्य प्रदेश में भी अब बादल छंट रहे हैं और शीतलहर लौट रही है। मप्र में अगले कुछ दिनों में पारा 3 डिग्री तक लुढ़क सकता है। दक्षिण में कर्नाटक में बारिश से लोग परेशान हैं।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस।
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दिल्ली का न्यूनतम तापमान सोमवार को सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से सर्द हवाएं मैदानों की ओर चलने के साथ पारा और भी गिर सकता है। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में 14 जनवरी तक पारे में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बारिश।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों और मध्य प्रदेश के लगभग सभी मंडलों में हल्की बारिश देखने को मिली। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से मैदान की तरफ आने सर्द हवाओं ने ठंड का अहसास और बढ़ा दिया है।

पंजाब और हरियाणा में ठंड का कहर जारी।

पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में ठंड का कहर जारी है। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि हरियाणा के नारनौल में न्यनूतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी है। राज्य में बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में राज्य के अनेक इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।

बिहार में बढ़ेगी ठंड।

बिहार में मकर संक्रांति से पहले कनकनी वाली ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। जम्मू में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर बिहार में अगले 24 से 48 घंटे में मौसम में बदलाव होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम।

मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के केलांग और काल्पा में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। शिमला स्थित मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय लाहौल और स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग एक बार फिर पहाड़ी राज्य का सबसे ठंडा स्थान था जहां तापमान शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में फिर बर्फबारी।

इस बीच श्रीनगर समेत कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में फिर बर्फबारी देखने को मिली जो अक्सर देखने को नहीं मिलती। मौसम विभाग ने कहा कि हफ्ते के शुरू में हुई भारी बर्फबारी के बाद शनिवार को भी हल्की बर्फबारी हुई थी, ऐसे में रविवार को एक बार फिर हुई बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी। श्रीनगर में सुबह साढ़े आठ बजे तक एक इंच बर्फबारी दर्ज की गई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *