9 व 10 नवम्बर को होंगे बीजेपी मण्डल अध्यक्षों के चुनाव

  
Last Updated:  October 26, 2019 " 12:48 pm"

इंदौर : बीजेपी कार्यालय इंदौर पर संभाग के प्रमुख पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक आहूत की गई। इस दौरान संगठन चुनाव के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी हेमंत खंडेलवाल, सह प्रभारी विजेश लूणावत, संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा, सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा और जिला अध्यक्ष अशोक सोमानी ने भाग लिया। संभाग के जिला अध्यक्ष भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने संगठन चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसा राजनैतिक दल है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र है। हम व्यक्ति आधारित ना होकर संगठन के हित में चिंता करते है और इसी वजह से आज हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है। हमारी विचारधारा राष्ट्रहित की रही है। आगामी प्रदेश संगठन के चुनाव इसी आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि विगत दिनों संपन्न हुए बूथ समितियों के चुनाव में सभी बूथ समितियों का सत्यापन होगा। सत्यापन के पश्चात प्रदेश चुनाव अधिकारी और मंडल निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के बाद मंडल चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। मंडल चुनाव में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं का सक्रिय सदस्य होना अनिवार्य है। मंडल कार्यसमिति 61 सदस्यों की बनेगी। जिसमें मंडल अध्यक्ष के साथ 60 अन्य पदाधिकारी व सदस्य रहेंगे। उक्त समिति में एक सदस्य जिला प्रतिनिधि के रूप में शामिल किया जाएगा। मंडल अध्यक्ष के चुनाव में दो पर्यवेक्षक और नगर सह निर्वाचन अधिकारी तथा मंडल निर्वाचन अधिकारी और सह निर्वाचन अधिकारी सर्वानुमति बनाने में मदद करेंगे। मंडल की कार्यसमिति में उस मंडल में निवासरत सभी वर्गो के कार्यकर्ताओं का समावेश रहेगा। मंडल चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रदेश संगठन की स्वीकृति से मंडल अध्यक्ष के नामों की घोषणा की जाएगी। पूरे प्रदेश में मंडल अध्यक्ष का निर्वाचन 9 एवं 10 नवम्बर को किया जाएगा।
श्री भगत ने उपस्थित पदाधिकारियों व वरिष्ठजनों से कहा कि केन्द्रीय संगठन के मतानुसार मंडल अध्यक्ष की उम्र सीमा 35 से 40 वर्ष तक की रहेगी। इसी के साथ जिला अध्यक्ष के लिये उम्र की समय सीमा 45 से 50 वर्ष होगी। बैठक में अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। बैठक का संचालन नगर अध्यक्ष गोपी नेमा ने किया। आभार अशोक सोमानी ने माना।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *