मकर संक्रांति पर विजयवर्गीय ने उड़ाई पतंग, खेला गिल्ली डंडा

  
Last Updated:  January 16, 2020 " 06:24 am"

इंदौर : सूर्य के दक्षिणायन से उत्तरायण होने का पर्व मकर संक्रांति बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जगह- जगह पतंगबाजी और देशी खेलों के आयोजन किये गए। तिल- गुड़ व खिचड़ी का वितरण किया गया और एक- दूसरे को मकर संक्रांति की बधाई दी गई। श्रमिक क्षेत्र में बीजेपी क्षेत्र क्र 2 के बैनर तले मनाए गए मकर संक्रांति पर्व में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी शिरकत की।

सीएए को समर्पित की पर्व की खुशियां।

कैलाश विजयवर्गीय ने देश, प्रदेश और शहर के बाशिंदों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए सभी की उन्नति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने मकर संक्रांति की खुशियां सीएए को समर्पित करते हुए कहा कि ये कानून पाकिस्तान से धार्मिक आधार पर प्रताड़ित होकर आए शरणार्थियों के लिए नया सूर्योदय लेकर आया है।

उड़ाई पतंग, लड़ाए पेंच।

परदेशीपुरा स्थित सुगनीदेवी कॉलेज मैदान पर मनाए गए मकर संक्रांति पर्व में कैलाश विजयवर्गीय के साथ विधायक रमेश मेंदोला, पार्षद चंदू शिंदे और अन्य नेताओं के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, महिला मोर्चे की सदस्याएं और क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। इस मौके पर कैलाशजी ने न केवल पतंग उड़ाने और पेंच लड़ाने का लुत्फ उठाया बल्कि पारम्परिक खेल गिल्ली डंडा और सितोलिया खेलने का भी मजा लिया। यहां उल्लास भरे माहौल में हर व्यक्ति पर्व की खुशियां मनाते नजर आया। आसमान छूती रंगबिरंगी पतंगें अलग ही मंजर पेश कर रहीं थीं। मकर संक्रांति की खुशियां मनाने यहां जुटे लोगों को खिचड़ी व तिल गुड़ का वितरण भी किया गया। बच्चों को निशुल्क पतंगें भी बांटी गई।

चिमनबाग मैदान पर भी दिखा उल्लास।

शहर के चिमनबाग मैदान पर भी मकर संक्रांति की रौनक नजर आई। यहां विधानसभा क्षेत्र क्र 3 के विधायक अकाश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम आयोजित किया था। क्षेत्रीय रहवासियों, महिलाओं, बच्चों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम में शिरकत कर मकर संक्रांति की खुशियां मनाई और बांटी। कैलाश विजयवर्गीय और रमेश मेंदोला ने यहां भी पहुंचकर पतंगबाजी और गिल्ली डंडा खेलने का लुत्फ उठाया। आकाश विजयवर्गीय ने बताया कि सूर्य को नमन करने के साथ देशी खेलों की विभिन्न गतिविधियां यहां आयोजित की गई जिनमें महिलाओ ने भी बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया। तमाम लोगों को मकर संक्रांति की बधाई देने के साथ तिल- गुड़ और खिचड़ी का वितरण भी किया गया। आकाश की मां आशा विजयवर्गीय भी इस दौरान मौजूद रहीं।

बीजेपी महिला मोर्चा ने मनाई मकर संक्रांति।

अन्नपूर्णा रोड स्थित नटराज नगर मैदान पर चल रही संस्कार जत्रा में भी मकर संक्रांति की छटा बिखरी नजर आई। यहां बीजेपी महिला मोर्चा की महिलाओं ने रीति रिवाज के साथ मकर संक्रांति का पर्व मनाया। उन्होंने तिल- गुड़ का वितरण कर उसकी मिठास को अपने आचरण में भी लाने का संदेश दिया। गिल्ली डंडा और सितोलिया जैसे पारम्परिक खेल खेलकर महिलाओं ने अपने बचपन को एक बार फिर जी लिया।

आम लोगों ने भी मकर संक्रांति पर तिल गुड़ की मिठास को रिश्तेदारों, परिचितों और स्नेहीजनों में शेयर किया। पश्चिमी क्षेत्र खासकर मल्हारगंज और आसपास के क्षेत्र में पतंगबाजी की रंगत खुप परवान चढ़ी। उधर मन्दिरों में दर्शन- पूजन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। इस मौके पर पशुओं को चारा और हरा चना खिलाकर दान- पुण्य की परंपरा भी निभाई गई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *