पुलवामा हमले की बरसी पर शहीद जवानों की याद में बनाई गई विशालकाय रंगोली

  
Last Updated:  February 15, 2020 " 06:24 am"

इंदौर : पुलवामा हमले की बरसी पर वीर जवानों की शहादत को नमन करते हुए विभिन्न तरीकों से याद किया गया। शहर की एक युवा कलाकार ने विशाल रंगोली के जरिये शहीद जवानों को नमन किया।

तीन हजार स्क्वेयर फ़ीट की बनाई रंगोली।

इस युवा कलाकार का नाम है वर्षा सिरसिया। शहर के ऐतिहासिक क्रिश्चियन कॉलेज के सभागार में वर्षा ने पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों की याद में करीब तीन हजार स्क्वेयर फ़ीट की विशालकाय रंगोली को आकार दिया है। इसे वर्षा का जुनून और समर्पण ही कहा जा सकता है कि उन्होंने बिना किसी की मदद लिए अथक मेहनत कर केवल तीन दिन में इस भव्य रंगोली को पूरा कर दिया।

हमला, शहादत और एयर स्ट्राइक का है चित्रण।

वर्षा ने अपनी इस विशालकाय रंगोली में बीते वर्ष इसी दिन सीआरपीएफ के काफिले पर किए गए आतंकी हमले, हमले में शहीद जवान, जवानों की शहादत का बदला लेने के लिए की गई एयर स्ट्राइक, देश की सैन्य ताकत को दर्शाता टैंक एवं देश की आन, बान और शान राष्ट्रीय ध्वज को दर्शाया है। इसी के साथ पीएम नरेंद्र मोदी को भी रंगोली में स्थान दिया गया है। पीएम मोदी ने पुलवामा में कायराना आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए सेना को फ्री हैंड दिया था। उन्हीं के निर्देश पर वायुसेना ने पाकिस्तान में घुसकर बालाकोट स्थित आतंकी ठिकानों पर बमबारी करते हुए उन्हें ध्वस्त कर दिया था।

गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में होगी दर्ज।

वर्षा ने बताया कि उनके द्वारा पुलवामा के शहीद जवानों को समर्पित यह विशालकाय रंगोली गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने जा रही है। इसके पूर्व वे नेहरू स्टेडियम में बीते दिनों आयोजित वन्देमातरम कायर्क्रम में भी अखंड भारत और भारत माता की 30×40 फ़ीट की रंगोली बना चुकी हैं। वर्षा को रंगोली से पोर्ट्रेट बनाने में भी महारथ हासिल है। अटलजी, पीएम नरेंद्र मोदी, शिवराज सिंह सहित कई नेताओं और महापुरुषों के रंगोली पोर्ट्रेट उन्होंने बनाएं हैं।

बचपन से है रंगोली बनाने का शौक।

युवा कलाकार वर्षा सिरसिया बताती हैं कि बचपन में उन्हें दूसरों की रंगोली मिटाने में मजा आता था। इसके चलते कई बार डांट भी खाई। बाद में खुद रंगोली बनाने का शौक चढ़ा। धीरे- धीरे यह शौक जुनून में बदल गया जो आज भी बरकरार है। बहुआयामी प्रतिभा की धनी वर्षा पेंटिंग में भी सिध्दहस्त हैं। खासकर पेंसिल से केनवास पर विभिन्न कलाकृतियां बनाना उन्हें अच्छा लगता है। यही नहीं फ़ैशन डिजाइनिंग में हाथ आजमाने में भी वर्षा पीछे नहीं रहती। नए- नए डिजाइन पेश करने के लिए वे प्रयासरत रहती हैं।

17 फरवरी तक किये जा सकेंगे रंगोली के दीदार।

क्रिश्चियन कॉलेज के हॉल में पुलवामा हमले में शहीद जवानों को समर्पित वर्षा की मनोहारी और विशालकाय रंगोली को पहले दिन सांसद शंकर लालवानी सहित कई गणमान्य लोगों एवं कलाप्रेमियों ने देखा और सराहा। 17 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 11 से रात 8 बजे तक इस रंगोली को देखा जा सकता है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *