करो या मरो” नारा, बना आजादी का मंत्र।
इंदौर : भारत छोड़ो आंदोलन की पूर्व संध्या (शुक्रवार) को केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदा नगर में भारत छोड़ो आंदोलन पर केंद्रित विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चित्रकला, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं ने भारत छोड़ो आंदोलन की झलकियां तथा वीर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा, स्वच्छता के साथ ही राष्ट्रीय पर्व का जश्न भी मनाया गया, वहीं स्वदेशी वस्तुएं और व्यवहार अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्रीमती अर्चना शर्मा ने कहां कि “करो या मरो” राष्ट्रपिता का नारा आजादी के लिए मंत्र सिद्ध हुआ था।
विशेष अतिथि प्रोफेसर श्रीमती नीलम शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और वीर शहीदों के बारे में जानने को मिलता है। जब तक नागरिक अपने देश की आजादी के लिए हुए संग्राम को नहीं जानेंगे, तब तक उसका महत्व नहीं समझेंगे। इसलिए इस तरह के आयोजन जागरूकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रचार अधिकारी दिलीप सिंह परमार ने प्रश्न मंच के माध्यम से संवाद किया और स्वतंत्रता संग्राम की शौर्य गाथा पर लगाई गई प्रदर्शनी के बारे में विस्तार से समझाइश दी। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओ को पुरस्कृत भी किया गया।








