कांग्रेस की साजिश का हुआ पर्दाफाश..
मालेगांव ब्लास्ट मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले के बाद बोले साध्वी प्रज्ञा और बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद।
मुंबई : एनआईए कोर्ट के फैसले के बाद साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि मैंने शुरू से ही कहा था कि जिन्हें भी जांच के लिए बुलाया जाता है, उनके पीछे कोई न कोई आधार जरूर होना चाहिए। मुझे जांच के लिए बुलाया और गिरफ्तार करके प्रताड़ित किया गया। इससे मेरा पूरा जीवन बर्बाद हो गया। मैं एक साधु का जीवन जी रही थी, लेकिन मुझ पर आरोप लगाए गए और कोई भी हमारे साथ खड़ा नहीं हुआ। मैं जिंदा हूं, क्योंकि मैं एक संन्यासी हूं। उन्होंने एक साजिश के तहत भगवा को बदनाम किया। आज भगवा की जीत हुई है, हिंदुत्व की जीत हुई है। ईश्वर दोषियों को सजा देगा।
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद श्रीकांत पुरोहित ने कहा कि मुझे मामले में फंसाने के लिए किसी भी संगठन को दोष नहीं देता। जांच एजेंसियों जैसे संगठन गलत नहीं हैं, बल्कि संगठनों के अंदर के लोग ही गलत कर रहे हैं। मैं कोर्ट को व्यवस्था में आम आदमी का विश्वास फिर से बहाल करने के लिए धन्यवाद देता हूं।
कांग्रेस की साजिश का हुआ पर्दाफाश।
बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने मालेगांव ब्लास्ट मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि हिंदू आतंकवाद को देश के ऊपर जबरन थोपने का कांग्रेस पार्टी का षड्यंत्र धराशायी हो गया है। मालेगांव ब्लास्ट मामले में जो कोर्ट का फैसला आया है, उसमें कहा गया है कि किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। इस मामले में कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ने वाले कर्नल पुरोहित पर आरोप लगे। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर आरोप लगाया गया था कि उनकी मोटरसाइकिल से बम लाया गया था। उन्हें इतना प्रताड़ित किया गया कि उसके बाद वह चल भी नहीं सकती थीं। यह विशुद्ध वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस की साजिश थी।






