कपड़ा ब्रोकर की गला घोंटकर हत्या

  
Last Updated:  March 6, 2025 " 01:34 am"

एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर का मामला।

मृतक के परिचित पर ही है हत्या की आशंका।

इंदौर : बुधवार सुबह एरोड्रम थाना क्षेत्र में कपड़ा ब्रोकर की गला घोटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। मृतक का नाम सचिन पिता शांतिलाल चोपड़ा 41 साल निवासी कालानी नगर होना बताया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 11 बजे सचिन की मां अंगूरबाला, सचिन को देखने उसके कमरे में पहुंची तो वह बिस्तर पर बेसुध पड़ा था, उसने तत्काल पड़ोसी और रिश्तेदारों को सूचना देकर बुलाया। पड़ोसी उसे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के मुताबिक सचिन की दम घुटने से मौत हुई है। एरोड्रम पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
टीआई तरुण सिंह भाटी के मुताबिक सचिन सीतला माता बाजार में कपड़े की दलाली का काम करता था। वह शराब पीने का आदी था। रोज की तरह वह देर रात घर आता था और अपने कमरे में जाकर सो जाता था।

पत्नी से चल रहा था विवाद।

जांच अधिकारी उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि सचिन का पत्नी प्रज्ञा से विवाद चल रहा था। प्रज्ञा अपने 5 साल के बेटे के साथ लंबे समय से मायके में रह रही है।

परिचित की तलाश कर रही है पुलिस।

बताया जाता है कि सचिन चोपड़ा देर रात अपने परिचित के साथ घर आया था और कमरे में दोनों सो गए थे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो परिचित सुबह 7:40 बजे घर से जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस को आशंका है कि परिचित ने ही किसी बात को लेकर उसकी गला घोटकर हत्या कर दी। उसके पकड़े जाने के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *