हादसे पर दु:ख जताते हुए गेर में शामिल नहीं हुए मुख्यमंत्री यादव।
पीड़ित परिवार के साथ जताई संवेदना, चार लाख रुपए की सहायता का किया ऐलान।
इंदौर : रंगपंचमी पर इंदौर में निकली गेर के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना से व्यथित मुख्यमंत्री मोहन यादव गेर में शामिल होने राजवाड़ा नहीं पहुंचे। उन्होंने हादसे पर दु:ख जताने के साथ पीड़ित परिवार के प्रति भी संवेदना व्यक्त की और 04 लाख रुपए की मदद का भी ऐलान किया। दरअसल, राजवाड़ा पर परंपरागत रूप से निकल रही गेर में एक व्यक्ति ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर का पहिया उसके बदन पर चढ़ गया। उसे ट्रैक्टर के नीचे से निकाल कर तत्काल एमवाय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब में कोई पहचान पत्र नहीं होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। इस बीच गेर में शामिल होने इंदौर आए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को एयरपोर्ट पर इस हादसे की जानकारी मिली तो उन्होंने घटना पर दु:ख जताते हुए कहा कि मैं और मेरी सरकार शोक की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ है। ऐसे में मैंने निर्णय लिया कि गेर में शामिल नहीं होऊंगा।
आर्थिक सहायता का किया ऐलान।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के साथ चार लाख रुपए की मदद की भी घोषणा की। उधर पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए रखवाया। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जिस ट्रैक्टर से दुर्घटना हुई, उसके चालक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है।