ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण जरूरी : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

  
Last Updated:  July 6, 2024 " 07:30 pm"

संतों की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री एवं मंत्रीद्वय द्वारा 51 लाख पौधारोपण के महाअभियान का पितृ पर्वत से शुभारंभ।

ग्लोबल वार्मिंग के दौर में तापमान को कम करने में सहयोगी होंगे वृक्ष- मंत्री विजयवर्गीय ।

इंदौर : गुप्त नवरात्रि के पहले दिन पितृ पर्वत पर साधु-संतों के सान्निध्य में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और महामंडलेश्वर स्वामी द्वारा पौधारोपण कर 51 लाख पौधे रोपने के महाभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम पीठाधीश्वर एवं राज्यसभा सदस्य बाल योगी उमेश नाथ महाराज, महामंडलेश्वर अरुण स्वामी महाराज, मां कनकेश्वरी देवी, पद्मश्री जनक पल्टा, विधायक रमेश मेंदोला, बड़ी संख्या में संत समाज एवं नागरिक उपस्थित थे।

ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में वृहद स्तर के पौधारोपण अभियान में इंदौर शहर भी 51 लाख से अधिक पौधे लगाने जा रहा है। विश्व व्यापी समस्या ग्लोबल वार्मिंग है और इस समस्या के निपटान के लिए आवश्यक है कि हम अधिक से अधिक पौधे लगाएं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के सभी जिलों, नगर, गांव में पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा।

वृक्ष बैठे हुए संत और संत चलते हुए वृक्ष होते हैं।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि वृक्ष बैठे हुए संत होते हैं वहीं संत चलते हुए वृक्ष होते हैं। ये बहुत ही अच्छा संयोग है कि संतजनों की उपस्थिति में धरती मां के श्रृंगार में पौधारोपण अभियान शुरू हुआ है। इंदौर ने इसे जन आंदोलन बनाया है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में एक पेड़ मां के नाम अभियान के क्रम में इंदौर शहर में 51 लाख पौधों के रोपण का अभियान प्रारंभ किया गया है। हमने पूर्व में पितृ पर्वत पर तीन लाख पौधों का रोपण किया था, आज वह सभी जीवित अवस्था में हैं, जिनसे यहां का तापमान भी कम हुआ है। इंदौर को पर्यावरण में नंबर वन बनाने और तापमान की कमी लाने के लिए 51 लाख पौधारोपण अभियान का संकल्प लिया गया है। इस अभियान के तहत14 जुलाई तक वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।

14 जुलाई को रेवती रेंज में रोपे जाएंगे 11 लाख पौधे।

मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि 14 जुलाई को रेवती रेंज में एक साथ 11 लाख पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश में ग्लोबल वार्मिंग को ध्यान में रखते हुए हमने यह संकल्प लिया है। इंदौर शहर के तापमान को चार से पांच डिग्री कम करने के लिए प्रतिवर्ष 51 लाख पौधे रोपने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आज पितृ पर्वत पर इतने संत महात्माओं के चरण पड़े हैं। उन्होंने कहा कि संकल्प से ही सिद्धि प्राप्त होती है। यह संकल्प का ही परिणाम है कि इस बंजर भूमि पर 3 लाख से अधिक पौधे जीवित हैं। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए इंदौर को पर्यावरण संरक्षण में नंबर वन बनाने के उद्देश्य से इंदौर में 51 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। महापौर भार्गव ने कहा कि हम आने वाली पीढ़ी को कांक्रीट की जगह हरियाली का उपहार दें और इंदौर के भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं।

पौधे लगाएं और उनकी देखभाल भी करें।

श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम पीठाधीश्वर एवं राज्यसभा सदस्य बाली उमेश नाथ महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान के क्रम में इंदौर शहर ने जो संकल्प लिया है, इस संकल्प की शुरुआत पितरेश्वर महादेव परिसर से संत समाज के सान्निध्य में की गई है। हम सभी संकल्प लें कि पौधे लगाएं और उसके संरक्षण का भी ध्यान रखें। प्रतिदिन उसमें जल अर्पण करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक है कि हम वनों का निर्माण करें। परिवार का प्रत्येक सदस्य पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधा जरूर लगाएं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *