घोटाले और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का निगम मुख्यालय पर हल्ला बोल

  
Last Updated:  August 7, 2024 " 05:48 pm"

प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों पर यलिस ने चलाई वॉटर कैनन, भांजी लाठियां।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दो मीडियाकर्मी भी हुए घायल।

एक मीडियाकर्मी को आई गंभीर चोट।

इंदौर : नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार, फर्जी बिल घोटाले के खिलाफ मगलवार को कांग्रेस द्वारा निगम मुख्यालय पर जंगी प्रदर्शन किया गया।इस दौरान पुलिस ने कांग्रेसियों को खदेड़ने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल करने के साथ लाठियां भी भांजी। पुलिस के बल प्रयोग में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। दो मीडियाकर्मियों को भी गंभीर चोटें आई।

लंबे अरसे बाद दिखा कांग्रेसियों में जोश।

फर्जी बिल भुगतान घोटाले सहित बीजेपी शासित नगर निगम में भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया था। आंदोलन को लेकर पहली बार कांग्रेसजनों में उत्साह नजर आया। हर छोटा – बड़ा नेता अपने साथ कार्यकर्ताओं की टीम लेकर आया था। निलंबन खत्म होने से शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह और जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव भी सक्रिय थे। हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल पर जुटे थे। इनमें महिलाओं की तादाद अच्छी खासी थी।

पुलिस ने कर रखे थे कड़े इंतजाम।

कांग्रेस के प्रदर्शन और निगम मुख्यालय के घेराव की घोषणा के मद्देनजर पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम कर रखे थे। वाहनों का आवागमन कृष्णपुरा पुल के पास बेरीकेडिंग कर रोक दिया गया था। निगम मुख्यालय के गेट के दोनों ओर दोहरी बेरीकेडिंग करने के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

मोहन यादव को निपटाना चाहते हैं विजयवर्गीय।

प्रदर्शन के पूर्व सभा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि
गृहमंत्री अमित शाह को पौधरोपण में बुलाने के पीछे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का इरादा मुख्यमंत्री मोहन यादव को निपटाना था। उन्होंने 51 लाख पौधरोपण के दावे पर भी सवाल खड़े किए।

जनता की उम्मीदों को तोड़ा बीजेपी ने।

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने जनता की उम्मीदों को तोड़ा है। उनके साथ छल किया है। उन्होंने दावा किया कि फर्जी बिल घोटाला दो हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का है। सही तरीके से जांच हो तो कई बीजेपी नेता भी इसमें फंसे नजर आएंगे। सभा को अरुण यादव, सज्जन सिंह वर्मा, कुलदीप इंदौरा आदि ने भी संबोधित किया।

बेरीकेड पर चढ़े कांग्रेसी, पुलिस ने किया बल प्रयोग।

सभा के बाद कांग्रेसी निगम मुख्यालय की ओर बढ़े और नारेबाजी करते हुए जंगी प्रदर्शन किया। तैनात पुलिस बल के साथ उनकी हुज्जत होती रही। इस बीच कर कार्यकर्ताओं ने बेरीकेड लांघने का प्रयास किया।इसके चलते पुलिस ने वॉटर कैनन चलाने के साथ लाठियां भांजनी शुरू कर दी, इससे कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए। जीतू पटवारी को भी लाठी की मार सहनी पड़ी। वॉटर कैनन की मार से मीडियाकर्मी डगलस और सन्नी बहिरानी को भी चोटें आई। डगलस तो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिर में 12 टांके आए।

एडीएम को दिया ज्ञापन।

वॉटर कैनन और लाठीचार्ज के बाद भी कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता फिर लौटकर आए और वहां नारेबाजी करते रहे। अंत में एडीएम रोशन राय को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेसी वहां से लौट गए।

कुल मिलाकर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और घोटाले के विरोध में किया गया कांग्रेस का प्रदर्शन सफल रहा। इस प्रदर्शन ने जीतू पटवारी को भी राहत प्रदान की।उनके प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला जंगी प्रदर्शन था।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *