सर्विसिंग कैंप में महिला मैकेनिकों ने दिखाया अपना हुनर

  
Last Updated:  January 8, 2023 " 11:26 pm"

50 से अधिक वाहनों की सर्विसिंग की।

इन्दौर :शहर में महिला समानता और रोजगार के क्षेत्र में सक्रिय संस्था समान सोसायटी द्वारा मशहूर टायर कंपनी ब्रिजस्टोन के सहयोग से महिलाओं को मैकेनिक के बतौर हुनरमंद बनने का अवसर दिया जा रहा है। इसी के तहत रविवार 8 जनवरी को आयोजित बाइक सर्विसिंग कैम्प में 50 से अधिक दो पहिया वाहनों की सर्विसिंग की गई। समान सोसायटी द्वारा यह कैम्प कलेक्टर कार्यालय के समीप वासुदेव नगर में आयोजित किया गया। कैम्प का उद्घाटन वासुदेव नगर रहवासी संघ की अध्यक्ष गीतांजति लाम्भा ने किया। उन्होंने कहा कि इन्दौर हर क्षेत्र में आगे है। शहर की महिलाओं ने मैकेनिक के रूप में अपनी पहचान बनाकर इन्दौर का नाम गौरवान्वित किया है और यह साबित किया है कि वे किसी काम में पीछे नहीं है। रहवासी संघ के कोषाध्यक्ष अरूण परचूरे ने भी कैम्प को संबोधित किया। समान सोसायटी के डायरेक्टर राजेन्द्र बंधु ने कहा कि बाइक सर्विसिंग कैम्प के माध्यम से हम शहर में यह संदेश प्रसारित करना चाहते हैं कि महिलाओं ने जेण्डर के आधार पर रोजगार के बंटवारे की परपंरा को चुनौती देते हुए नई पहचान बनाई है।

कैम्प में सभी प्रकार दो पहिया वाहनों जैसे मोटरसाईकिल एवं मोपेड गाड़ियों की सर्विसिंग की गई। प्रात: 11 बजे से प्रारंभ हुए इस कैम्प में सायं 4 बजे तक लगातार वाहन आते रहे। इन पांच घंटों में महिला मैकेनिकों की 5 टीमों द्वारा 50 से अधिक वाहनों की सविर्सिंग की गई। जो वाहन शेष रह गए, उन्हें संस्था द्वारा संचालित महिला मैकेनिक गैराज में आमंत्रित किया गया। ये गैराज इन्दौर शहर के तीन स्थानों — पालदा, पिपल्याहाना एवं हवा बंगला क्षेत्र के विदुर नगर में मौजूद हैं।

महिलाओं को बाइक मैकेनिक के रूप में स्थापित करने के समान सोसायटी के प्रयास अब सफल होते दिखाई दे रहे हैं। वर्तमान में करीब 30 से अधिक महिलाएं विभिन्न सर्विस सेंटर्स पर मैकेनिक के रूप में कार्यरत् है, वहीं तीन ऐसे गैराज संचालित हो रहे हैं, जहां सिर्फ महिलाएं ही मैकेनिक के रूप में काम कर रही हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *