जनभागीदारी से 51 लाख पौधे लगाने का यह विश्व का सबसे बड़ा कार्यक्रम है : विजयवर्गीय

  
Last Updated:  July 13, 2024 " 07:42 pm"

12 घंटे में 11 लाख पौधरोपण का बनेगा विश्व कीर्तिमान।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम दो बार कर चुकी है रेवती रेंज पौधरोपण स्थल का निरीक्षण।

रेवती रेंज को 9 जोन और 100 सब जोन में किया विभाजित।

डॉक्टर सहित हजारों समन्वयक रहेंगे तैनात।

इंदौर : नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का दावा है कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत इंदौर में 51 लाख पौधे लगाने का संकल्प जनभागीदारी से संचालित होने वाला विश्व का सबसे बड़ा कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। धार्मिक व्यापारिक, सामाजिक संगठनों के साथ हर तबके के लोग पौधे लगाने के लिए आगे आ रहे हैं। अभी तक केवल सरकारी विभाग ही 22 लाख से अधिक पौधे रोप चुके हैं। हमें उम्मीद है कि 51 लाख से भी ज्यादा पौधे इस अभियान में रोपे जाएंगे। मंत्री विजयवर्गीय ने बीजेपी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी।

रेवती रेंज पर 12 घंटे में 11 लाख पौधे रोपने का बनेगा विश्व कीर्तिमान।

उन्होंने बताया कि रेवती रेंज पर रविवार 14 जुलाई को सुबह 06 बजे से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आतिथ्य में 11 लाख पौधरोपण का विश्व कीर्तिमान स्थापित होगा। यह रिकॉर्ड सुबह 06 बजे से शाम 06 बजे तक याने 12 घंटे में बनेगा। इससे पहले यह रिकॉर्ड असम के नाम था, जहां पर 9.25 लाख पेड़ लगाए गए थे। पौधरोपण के इस महाअभियान में 100 संगठनों के 50 हजार से ज्यादा लोग हिस्सा लेंगे और प्रत्येक समाज के आराध्य देव और प्रत्येक संस्था के आदर्श के नाम पर वनों का नामकारण किया जाएगा।इस अवसर पर डॉक्टरों की टीम, समन्वयक, पार्षदगण, युवा मोर्चा, बीएसएफ, सेना प्रशिक्षण स्कूलों के स्वयंसेवकों की टीम, एनएसएस और एनसीसी के कैडेट्स, कॉलेज के छात्र, धार्मिक, सांस्कृतिक और गैर सरकारी संगठन के लोग तैनात रहेगें जो व्यवस्था संभालने के साथ व्यवस्थित तरीके से पौधारोपण में मदद करेगें। मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि रोपे गए पौधों की देखभाल के भी समुचित प्रबंध किए गए हैं।

एक हजार लोगों की टीम रहेगी तैनात।

उन्होंने बताया कि पौधरोपण के लिए 10 हजार से अधिक कटर, पानी के डिब्बे, फावड़े, सहायक उपकरण, टीशर्टस, कैप्स आदि नागरिकों को वितरित किए जाएंगे। इसके साथ प्रत्येक दो घंटे में 5 से 10 हजार लोगों की टीम रिप्लेस होगी। रेवती रेंज के अंदर 10 हजार पौधरोपण क्षमता वाले 100 से अधिक व्यक्तिगत ब्लाक में समन्वय के लिए 1 हजार लोगों की टीम बनाई गई है।

09 जोन 100 सब जोन में विभाजित किया गया है रेवती रेंज क्षेत्र।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि रेवती रेंज क्षेत्र को पौधरोपण के लिए 09 जोन में विभाजित किया गया है। 9 जोन को 100 सब जोन में बांटा गया है। इनमें 1 लाख 21 हजार बड़े पौधे और 4 लाख 50 हजार छोटे पौधे लगाए जाएंगे। छोटे पौधे 5 से 6 फीट के रहेंगे, जिनका सर्वाइकल रेट 90 प्रतिशत से ज्यादा है। पौधरोपण के बाद उनके रखरखाव की योजना भी तैयार की गई है। पौधों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिलता रहे, इसके लिए रेवती रेंज में तीन प्राकृतिक जल संरचनाएं तैयार की गई हैं जिससे इन पौधों को लगातार जल आपूर्ति होती रहेगी। पौधों को पानी की आपूर्ति ड्रिप सिचाई, बोरिंग और ओवरहेड टैंक के जरिए की जाएगी। इस अभियान में नगर निगम के उद्यान विभाग के 500 से ज्यादा कर्मचारी रेवती रेंज में मोर्चा संभाले हुए हैं। सभी 100 सब जोन में नगर निगम की पानी की टीम, स्वच्छता की टीम, उद्यान विभाग की टीम जनभागीदारी के साथ पौधरोपण में मदद का काम करेगी। बड़ी संख्या में वाहन आएंगे इसके लिए पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की गई है। आगंतुकों के लिए भोजन, पेयजल और चिकित्सा की भी व्यवस्था की गई है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *