भगवान को भी धरती पर आने के लिए मां की कोख की जरूरत होती है- दीदी मां

  
Last Updated:  March 28, 2022 " 08:54 pm"

अन्नपूर्णा आश्रम के आंगन में धूमधाम से मना राम जन्मोत्सव, समूचा पांडाल नाच उठा।

इंदौर : भगवती मां अन्नपूर्णा के आंगन में सोमवार शाम साध्वी ऋतम्भरा के श्रीमुख से चल रहे दिव्य रामकथा महोत्सव में जैसे ही प्रभु राम का जन्म प्रसंग आया, समूचा पांडाल नाच उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने भी राम जन्म उत्सव को नाचते-गाते हुए आत्मसात किया। महिलाओं ने फूलों की टोकनी को मास्तक पर रखकर नवजात राम पर सांकेतिक पुष्प वर्षा की, वहीं युवाओं ने भी अलग-अलग समूहों में नृत्य करते हुए अपनी खुशियों का इजहार किया। साध्वी ऋतम्भरा ने इस अवसर पर कहा कि भगवान को धरती पर आना होता है तो उन्हें भी किसी कोख की जरुरत पड़ती है। भारत नारी मुक्ति और नारी शक्ति का देश है। राम और कृष्ण तभी अवतार लेंगे, जब कौशल्या-दशरथ और देवकी-वसुदेव जैसे माता-पिता होंगे। बिडंबना है कि आज के बच्चे अपने माता-पिता को भी अपमानित और प्रताड़ित कर रहे हैं। धर्म की हानि दुष्टों से कम और धर्मात्मा होने का दंभ भरने वालों से ज्यादा हो रही है।

अन्नपूर्णा मंदिर के परिसर में चल रहे श्रीराम कथा महोत्सव में दिनोंदिन भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। कथा शुभारंभ के पूर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, प्रमुख संयोजक रूपकिशोर माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष श्याम सिंघल, प्रमुख समन्वयक किशोर गोयल, महंत गिरधारीलाल गर्ग, पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा आदि ने व्यासपीठ का पूजन किया। इस अवसर पर यजमान सत्यनारायण शर्मा दूधवाले, अन्नपूर्णा आश्रम न्यासी मंडल के गोपालदास मित्तल, जगदीश भाई पटेल, सुनील गुप्ता, टीकमचंद गर्ग, वरजिंदरसिंह छाबड़ा, दिनेश मित्तल आदि ने भी दीदी मां का स्वागत किया। कथा के अंत में अंचल के भील एवं आदिवासी जनजाति समाज के बंधुओं का स्वागत किया गया। संचालन महामंत्री संजय बांकड़ा ने किया। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक हो रही है। कथा स्थल पर रियायती मूल्य पर स्वल्पाहार एवं भोजन सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

दीदी मां ने की इंदौर की स्वच्छता की सराहना।

दीदी मां ने इंदौर के सफाई प्रेम की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और कहा कि इंदौर वाले तो पूरे विश्व में प्रसिद्ध हो गए हैं। सचमुच बड़ा गौरव होता है कि इंदौर ने पांच बार देश में प्रथम स्थान बनाया और अब छक्का मारने की तैयारी है। यहां चारों ओर इतनी खूबसूरती है।बहुत प्यारा नगर है यह। यहां के लोगों का आचरण भी जिम्मेदारी भरा है। इंदौर के लोगों ने मां भारती को गौरवान्वित किया है, यह बहुत खुशी की बात है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *