आदर्श ग्राम का श्रेष्ठ उदाहरण है बुरहानपुर का हरदा ग्राम

  
Last Updated:  September 7, 2023 " 10:44 pm"

संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने किया आदर्श ग्राम हरदा का भ्रमण।

जनजातीय ग्राम हरदा, सभी तरह के व्यसनों से मुक्त होकर अपनी परंपराओं को सहेज रहा है।

हरदा : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले एक दिवसीय प्रवास पर आदर्श ग्राम हरदा पहुँचे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लंबे समय से हरदा ग्राम में समग्र ग्राम विकास एवं स्वावलंबन को लेकर काम कर रहा हैं। जनजातीय बाहुल्य इस ग्राम में जनजाति समाज निवासरत हैं।

अपने प्रवास के दौरान होसबोले ने कहा कि इस ग्राम ने अपनी संस्कृति, पर्यावरण,परंपराओं को सहेजने के साथ नशा मुक्त होकर ग्राम को एक आदर्श ग्राम के रूप में देशभर में स्थापित किया है। हर किसी को ऐसे ग्राम के दर्शन करना चाहिए। प्रत्येक ग्राम को इसी प्रकार के आदर्श स्थापित करने के प्रयास शुरू करना चाहिए।

लोक संस्कृति के किए दर्शन।

सरकार्यवाह के ग्राम दर्शन कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण जनों ने लोक संस्कृति का प्रकटीकरण किया। ग्राम के बालक बालिकाएं मातृशक्ति,युवा,वृद्धजन सभी ने अपने पारंपरिक उत्सवों – परंपराओं जैसे नागपंचमी, जिरोती,गोवर्धन पूजा,संझा पूजा ,गणगौर आदि का प्रकटीकरण कर सरकार्यवाह को अपनी प्राचीन और लोक मंगलकारी परंपराओं से परिचित करवाया।

सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने जनजातीय समाज द्वारा अच्छी वर्षा की कामना के साथ “डेडर माता” का पूजन किया और उन्हें जल चढ़ाया। उन्होंने घट्टी पर पीसकर बनाये जाने वाली पारंपरिक रसोई भी देखी जो आज भी कई घरों में उपयोग होती है।

एक आदर्श ग्राम के लिए जो भी कल्पना हो सकती है वह आदर्श ग्राम हरदा में देखी जा सकती हैं। मनोरंजन के लिए पारंपरिक लोकनृत्य हो या प्राकृतिक संरक्षण के लिए ग्राम देव का पूजन सभी अपने आप में अद्भुत हैं। वास्तव में आदर्श ग्राम हरदा उस वाक्य को सिद्ध करता हैं, जहां कहा जाता हैं कि भारत आज भी गाँव में बसता हैं।

ग्राम में गौ आधारित स्वावलंबन की दिशा में भी भी अच्छे प्रयास हो रहे हैं। सरकार्यवाह ने कृषि में उपयोग होने वाले घरेलू कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी भी देखी जिसके उपयोग से ग्राम आत्मनिर्भर हो रहा है।

ग्राम के पारंपरिक खेल का प्रदर्शन भी ग्रामीणों ने किया जो शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं।

हरदा ग्राम में जनसहयोग से पंद्रह वर्ष पहले तालाब का निर्माण किया गया था जो आज भी खेती के लिए सहायक बना हुआ हैं। ग्राम एवं इसके आसपास के क्षेत्र में डेढ़ लाख सीताफल के पेड़ लगाए हैं जो ग्रामवासियों के रोजगार का एक उत्तम साधन है।

गाँव का काम -राम का काम।

प्रभु श्रीराम जिस प्रकार से प्रजा के हित का चिंतन करते थे इस ग्राम के सभी निवासी उसी भूमिका में हैं। गाँव के प्रत्येक परिवार का सुख-दुख सभी का सामूहिक सुख-दुख है। हर परिस्थिति में एक – दूसरे के सहयोग के लिए ग्रामीण तैयार रहते हैं। सबका भला करना ही धर्म का काम है, इसलिए गाँव का काम वास्तव में राम का काम ही हैं।

सरकार्यवाह होसबोले के आगमन की प्रसन्नता में ग्रामीणों ने सम्पूर्ण गांव को ओर अधिक सुंदर बना दिया, घरों के बाहर -मार्गो में सुंदर रंगोलियां तथा मांडने बनाए गए।

बुरहानपुर ज़िले का हरदा ग्राम आज सभी व्यसनों से दूर है और परंपराओं का संरक्षण कर रहा है। संघ की “ग्राम विकास गतिविधि” के अंतर्गत इस गांव को प्रभात गांव बनाने के वर्षो से सतत प्रयास चल रहें थे।

सरकार्यवाह के साथ ग्राम दर्शन में मालवा प्रांत के संघ चालक प्रकाश शास्त्री, प्रांत के प्रांत प्रचारक बलराम पटेल तथा ग्राम विकास गतिविधि के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *