इंदौर पहुंची बाणेश्वरी कावड़ यात्रा

  
Last Updated:  July 18, 2025 " 12:23 am"

महू से इंदौर के बीच कई स्थानों पर किया गया यात्रा का स्वागत।

तीन सौ से अधिक मंचों से होगा स्वागत।

अन्नपूर्णा मंदिर से मरीमाता चौराहा तक चलेगा श्रद्धालुओं का काफिला।

राजबाड़ा पर होगा सफाईकर्मियों का सम्मान।

इंदौर : महेश्वर से प्रारंभ बाणेश्वरी कावड़ यात्रा गुरूवार शाम इंदौर पहुंच गई। महू, पिगडम्बर, राऊ एवं राजेन्द्र नगर में यात्रा का पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। जब यात्रा इंदौर के लिए प्रस्थित हुई तो यात्रा संयोजक विधायक गोलू शुक्ला को स्नेहीजनों ने पुष्पमालाओं से लाद दिया। अनेक स्थानों पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की गई। महू से इंदौर के बीच कावड़ यात्रा के स्वागत का सिलसिला लगातार चलता रहा।

शाम को अन्नपूर्णा रोड स्थित द्वारका गार्डन पर यात्रा की अगवानी के लिए कई राजनेताओं सहित सैकड़ों स्नेहीजन मौजूद थे। यहां देर रात तक स्वागत एवं भजन संध्या का दौर चलता रहा।

कावड़ यात्रा शुक्रवार को सुबह 9 बजे द्वारका गार्डन से नगर भ्रमण पर निकलेगी। इस दौरान 300 से अधिक स्वागत मंचों से विभिन्न संगठनों द्वारा यात्रा के स्वागत किया जाएगा। राजबाड़ा पर देवी अहिल्या की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक के बाद सफाई में आठवीं बार इंदौर के अव्वल आने पर विधायक गोलू शुक्ला द्वारा सफाईकर्मियों का सम्मान भी किया जाएगा।

कांटाफोड़ मंदिर की भक्त मंडली द्वारा स्वागत।

महू से इंदौर आते समय बाणेश्वरी कावड़ यात्रा का मेडिकेप्स कॉलेज के पास गुरूकृपा हॉल में नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर की भक्त मंडली द्वारा स्वागत किया गया। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, संयोजक बी.के. गोयल, राजकुमार अग्रवाल, संदीप गोयल एवं भक्त मंडली के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। साथ चल रहे कावड़ यात्रियों के लिए भोजन एवं फलाहार की भी व्यवस्था मंदिर की भक्त मंडली द्वारा की गई थी। संदीप गोयल ने बताया कि इस दौरान बोल बम के उदघोष से समूचा पिगडम्बर क्षेत्र गुंजायमान रहा।

कई जनप्रतिनिधियों ने की कावड़ यात्रा में शिरकत।

राज्य के पंचायत विकास मंत्री प्रहलाद पटेल,विधायक मधु वर्मा, भाजपा प्रवक्ता दीपक जैन टीनू, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारियों ने विधायक गोलू शुक्ला एवं कावड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए कावड़ भी उठाई। रणजीत हनुमान मंदिर के पुजारी पं. दिपेश व्यास ने उन्हें रणजीत हनुमान की तस्वीर भेंटकर सम्मानित किया। इसी तरह राऊ में पूर्व विधायक जीतू जिराती के साथियों एवं नगर पंचायत अध्यक्ष शिव डिंगू के नेतृत्व में जबर्दस्त स्वागत किया गया। पार्षद रूपाली अरूण पेंढारकर ने भी अपने साथियों सहित स्वागत किया, वहीं भाजपा के जिलाध्यक्ष श्रवण चावड़ा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोज ठाकुर, राऊ नगर परिषद अध्यक्ष पप्पी विजय पाटीदार, पीयूष पाटीदार, रवि चौधरी, आशीष अग्रवाल, किशोर पटेल, रतलाम के भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विप्लव जैन ने भी स्वागत किया। मार्ग में पिडगम्बर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा और राऊ में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया।

शुक्रवार को इंदौर शहर से गुजरेगी कावड़ यात्रा।

यात्रा संयोजक गोलू शुक्ला एवं यात्रा प्रभारी दीपेन्द्रसिंह सोलंकी ने बताया कि सभी श्रद्धालु शुक्रवार को सुबह 9 बजे अन्नपूर्णा आश्रम पर माताजी को चुनरी सर्पित करने के बाद नगर भ्रमण पर निकलेंगे। अन्नपूर्णा से महूनाका चौराहा, लालबाग, कलेक्टोरेट, मोती तबेला, हरसिद्धि, यशवंत रोड होते हुए कावड़ यात्रा राजबाड़ा पहुंचेगी, जहां प्रातः स्मरणीया देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दुग्धाभिषेक के बाद आठवीं बार स्वच्छता में नंबर वन आने के उपलक्ष्य में विधायक गोलू शुक्ला द्वारा सफाईकर्मियों का सम्मान भी किया जाएगा। अनेक प्रमुख राजनेता भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

राजबाड़ा से इमली बाजार, सदर बाजार, मरीमाता चौराहा होते हुए कावड़ यात्रा रेवती रेंज पहुंचेगी। शहर के लगभग सभी चौराहों पर विभिन्न संस्थाओं की ओर से स्वागत मंच लगाकर यात्रा का स्वागत किया जाएगा।

कावड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 50 कार्यकर्ता तैनात किए गए हैं। मंचों से स्वागत करने वालों से भी आग्रह किया गया है कि वे यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्वागत करें।

यात्रा शुक्रवार रात रेवती रेंज पहुंचकर 19 की रात को पंथपिपलई, वहां से 20 की सुबह उज्जैन के लिए प्रस्थित होगी। सोमवार 21 जुलाई को ब्रह्ममुहूर्त में भगवान महाकालेश्वर का जलाभिषेक कर उनसे समाज, शहर, देश, प्रदेश में सुख, शांति एवं सदभाव की प्रार्थना की जाएगी। इसी के साथ यात्रा का समापन होगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *