पहलगाम में परिवार सहित घूमने गए थे सुशील नाथेनियल।
आतंकियों ने धर्म पूछकर मारी गोली।
बेटी आकांक्षा भी पैर में गोली लगने से हुई घायल, अब खतरे से बाहर।
कलेक्टर आशीष सिंह, विधायक मेंदोला और प्रभारी महापौर राठौर ने पीड़ित परिवार से मिलकर जताई शोक संवेदना।
इंदौर : पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में इंदौर के MR 10 स्थित वीणा नगर के निवासी सुशील नाथेनियल की भी जान चली गई। सुशील अपनी पत्नी जेनिफर, बेटी आकांक्षा और बेटे ऑस्टिन के साथ वहां घूमने गए थे। मिली जानकारी के अनुसार आतंकवादियों ने पहले सुशील को घुटनों पर बिठाया, बाद में उन्हें कलमा पढ़ने के लिए कहा, जब उन्होंने अपना धर्म क्रिश्चियन बताया तो आतंकवादियों ने उन्हें गोलियों से भून दिया। आतंकी हमले में सुशील नाथेनियल की बेटी आकांक्षा को भी पैर में गोली लगी। हालांकि वह खतरे से बाहर है। मृतक सुशील LIC की अलीराजपुर शाखा में पदस्थ थे। उनकी पत्नी जेनिफर शिक्षिका हैं जबकि बेटी आकांक्षा गुजरात में बैंक ऑफ बड़ौदा में पदस्थ हैं।
कलेक्टर पहुंचे पीड़ित परिवार के घर।
आतंकी हमले में सुशील नाथेनियल की मौत की खबर मिलते ही कलेक्टर आशीष सिंह उनके वीणा नगर स्थित घर पहुंचे। बाद में वे प्राइम सिटी में रहनेवाले सुशील के रिश्तेदारों से भी मिले और उन्हें सांत्वना देने के साथ आश्वस्त किया कि शासन – प्रशासन उनके साथ है।
मृतक का पार्थिव शरीर इंदौर लाया जा रहा।
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए सुशील नाथेनियल के पार्थिव शरीर को इंदौर लाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन के साथ वे संपर्क में हैं। मृतक सुशील की पत्नी और बच्चे श्रीनगर में सुरक्षित हैं। बेटी आकांक्षा को पैर में गोली लगी थी, उनका वहां प्राथमिक उपचार किया गया है। वो खतरे से बाहर है। पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद के लिए शासन -,प्रशासन उनके साथ खड़ा है।
मेंदोला और प्रभारी महापौर ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात।
आतंकी हमले के शिकार सुशील नाथेनियल के परिवार से मिलकर विधायक रमेश मेंदोला और प्रभारी महापौर राजेश राठौर ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पर्यटकों का धर्म पूछकर आतकियों द्वारा उन्हें गोली मारे जाने पर आक्रोश जताते हुए उसकी कड़ी निन्दा की। मेनोला का कहना था कि आतंकियों को इस कायराना हमले की बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।