इंदौर : भगवान विष्णु का भव्य मंदिर महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के ग्राम शहादा (शहाड)में निर्माणाधीन है। इसका निर्माण श्री नारायण भक्ति पंथ के प्रवर्तक सद्गुरु लोकेशानंद महाराज के सान्निध्य में किया जा रहा है। इस मंदिर में भगवान विष्णु की विशालकाय शेषशायी मूर्ति स्थापित की जाएगी। इसके पूर्व मूर्ति को भव्य शोभायात्रा के साथ शहादा ले जाया जाएगा।
भव्य शोभायात्रा के जरिये इंदौर से शहादा ले जाई जाएगी मूर्ति।
मंगलवार को इंदौर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के जरिये श्री नारायण भक्ति पंथ सिंदौड़ा के सद्गुरु लोकेशानंद महाराज ने ही यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 09 जनवरी 2025 को भगवान श्री विष्णु की शेषशायी स्वरुप की इस मूर्ति के दिव्य दर्शन इंदौर के राजवाड़ा चौक में सुबह 9.30 बजे किए जा सकेंगे। यहीं से दर्शन – पूजन के बाद यह मूर्ति भव्य शोभायात्रा के साथ वाहन के जरिये 235 किमी का सफर तय कर 11 जनवरी को शहादा पहुंचेगी। मार्ग में राऊ, महू, मानपुर, ठीकरी, बरुफाटक, जुलवानिया, गुजरी, सेंधवा, निवाली, पानसेमल, खेतिया आदि स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। यात्रा का रात्रि पडाव 09 जनवरी को धामनोद व 10 जनवरी को सेंधवा में रहेगा। उन्होंने बताया कि मूर्ति की लंबाई 11 फीट और वजन 21 टन है। जयपुर के कारीगरों ने इसे आकार दिया है।
14 जनवरी को मंदिर में गर्भगृह में कराया जाएगा मूर्ति का प्रवेश।
सद्गुरु लोकेशानंद जी ने बताया कि 11 जनवरी को शहादा पहुचने के बाद यात्रा नगर भ्रमण करेगी। 11 से 14 जनवरी तक शहादा में भक्ति महोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें भजन, कीर्तन, महापूजा और भगवान श्री विष्णु की विशेष अर्चना संपन्न होगी। इसके अलावा 12 से 15 जनवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का भी आयोजन होगा। 14 जनवरी को सूर्य के उत्तरायण पर शुभ मुहूर्त में भगवान श्री विष्णु की प्रतिमा को गर्भगृह में प्रवेश कराया जाएगा। महाराज जी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल मूर्ति का सिर्फ प्रवेश कराया जा रहा है। मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विधिवत् प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसमें दो वर्ष का समय लगेगा। मंदिर का निर्माण नागर शैली में किया जा रहा है। इसी के साथ भक्त निवास और अन्न क्षेत्र का निर्माण भी किया जा रहा है।