कश्मीर में सिख युवतियों का मतांतरण कर जबरन निकाह करवाने से सिख समुदाय में भारी रोष
Last Updated: June 29, 2021 " 05:05 pm"
नई दिल्ली : कश्मीर में बंदूक के बल पर दो सिख लड़कियों को अगवा कर उनका बलपूर्वक धर्मांतरण करने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं, बाद में उन लड़कियों की शादी जबरदस्ती दूसरे धार्मिक समुदाय से जुड़े उम्रदराज व्यक्ति से करा दी गई। इसके बाद घाटी के सिखों में भारी गुस्सा है और वे लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस संबंध में अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा की अगुआई में एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल से मुलाकात की और दोनों लड़कियों को वापस उनके परिवार को लौटाने की मांग की।
श्रीनगर में अदालत परिसर के बाहर पीड़ितों के जबरन धर्मांतरण और विवाह के खिलाफ प्रदर्शन भी किया गया। जहां दो लड़कियों में से एक को एक आरोपी से शादी करने के लिए लाया गया था. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पीड़ितों में से एक को परिवार के पास वापस भेजा जाए, लेकिन उन्हें अदालत में प्रवेश नहीं करने दिया गया। रविवार को श्रीनगर में गुरुद्वारा बुंगा बरजुला के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया गया। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रमुख मनजिंदर सिंह सिरसा भी रविवार को श्रीनगर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया।