कांग्रेस को मजबूती देने की कवायद है संगठन सृजन अभियान..

  
Last Updated:  June 19, 2025 " 02:35 pm"

कार्यकर्ताओं की अपेक्षा के अनुरूप ही होगा इंदौर का नया नेतृत्व..

जीतू पटवारी भी एक कार्यकर्ता की हैसियत से शामिल हैं रायशुमारी में..

इंदौर प्रेस क्लब के संवाद कार्यक्रम में बोले संगठन सृजन अभियान के इंदौर पर्यवेक्षक गुरजीत सिंह ओजला।

अमृतसर से कांग्रेस के सांसद हैं ओजला।

इंदौर : कांग्रेस पार्टी के गुजरात अधिवेशन में लिए गए फैसले के अनुरूप शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन सृजन अभियान देश के सभी राज्यों के प्रत्येक जिले में चलाया जा रहा है।इस अभियान का उद्देश्य संगठन को जिला स्तर पर खड़ा कर उसे मजबूती देना है। इसी कड़ी में इंदौर शहर में भी पार्टी कार्यकर्ताओं, नेतृत्व करने के इच्छुक दावेदारों, प्रबुद्धजनों, मीडिया के साथियों और आम नागरिकों से भी चर्चा की है। रायशुमारी के बाद पूरी रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को सौंपी जाएगी। ये तय है कि कांग्रेस का इंदौर शहर अध्यक्ष रायशुमारी में जो नाम सामने आए हैं, उन्हीं में से होगा। ऊपर से किसी को थोपा नहीं जाएगा।

ये बात कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के इंदौर के पर्यवेक्षक और अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह ओजला ने कही। वे इंदौर प्रेस क्लब के ‘संवाद’ कार्यक्रम में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस के इंदौर शहर प्रभारी रवि जोशी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चौकसे, अमित चौरसिया और वरिष्ठ नेता गिरधर नागर भी मौजूद रहे।

किसी के दबाव – प्रभाव में नहीं होगा फैसला।

पर्यवेक्षक गुरजीत सिंह ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सारी चयन प्रक्रिया पारदर्शी रखी गई है। कार्यकर्ता जैसा नेतृत्व चाहते हैं,वैसा ही मिलेगा। नेतृत्व चयन में सबकी भागीदारी होगी।किसी का दबाव – प्रभाव काम नहीं आएगा, न ही ऊपर से किसी को थोपा जाएगा। संगठन मजबूत हो यही कोशिश है।

गुटबाजी हर पार्टी में है।

पर्यवेक्षक ओजला ने कहा कि गुटबाजी हर पार्टी में होती है। हमारा उद्देश्य कांग्रेस पार्टी को सही दिशा में ले जाना है। जो जिसका काम है, उसे जिम्मेदारी के साथ करें। इंदौर, देश और प्रदेश में अपनी अहमियत रखता है।यहां कांग्रेस संगठन मजबूत हो यही प्रयास है।

जीतू पटवारी भी एक कार्यकर्ता की हैसियत से जुड़े हैं।

ये पूछे जाने पर कि क्या प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का इंदौर शहर कांग्रेस के नेतृत्व चयन में कोई दखल रहेगा..? पर्यवेक्षक ओजला का कहना था कि नेतृत्व चयन की प्रक्रिया में उनका कोई हस्तक्षेप नहीं है।वे भी एक कार्यकर्ता की हैसियत से ही इससे जुड़े हैं।

राहुल गांधी के बयान को गलत संदर्भों पेश किया जा रहा।

गुरजीत सिंह ने एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी के लंगड़े और बारात वाले घोड़े का हवाला देकर दिए गए बयान को गलत ढंग से पेश किया जा रहा है। उनके कहने का आशय कतई ये नहीं था कि वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार किया जाए। घोड़ा हमेशा घोड़ा ही होता है लेकिन समय के साथ जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं। संगठन सृजन अभियान इसी लिए हाथ में लिया गया है की नया नेतृत्व उभरकर आए और उसमें सभी की भागीदारी हो।

कांग्रेस पर्यवेक्षक गुरजीत सिंह ओजला का इंदौर प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने स्वागत किया। संचालन और आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी ने किया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *