घंटों लंबे जाम से वाहनचालकों को मिली मुक्ति।
इंदौर : जिला प्रशासन ने दावा किया है कि बायपास पर अर्जुन बरोदा ओवर ब्रिज पर यातायात सामान्य हो गया है। वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो रही है।
अर्जुन बरोदा पुल के निर्माण कार्य के चलते इंदौर बायपास पर यातायात प्रभावित न हो, इसे सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर आशीष सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वे लंबे समय तक यहीं मौजूद रहे। उन्होंने स्वयं यातायात की निगरानी की और आवश्यक निर्देश भी मौके पर दिये।
प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पुलिस, यातायात पुलिस, होमगार्ड एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया। उन्होंने कहा कि आमजन को परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित रखी जाए। रात के समय NHAI को प्रभावित क्षेत्र में सड़क मरम्मत का कार्य प्रभावी ढंग से करने के निर्देश भी दिए गए।
बता दें कि ब्रिज निर्माण कार्य के चलते इंदौर – देवास के बीच यातायात बाधित हो रहा है। बारिश के चलते हालात और विकट हो जाती है। हाल ही में घंटों तक जाम लगने से तीन लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें समय रहते अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, इससे उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद जागे जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और यातायात को व्यवस्थित किया।