दिग्विजय सिंह के पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़ने को शिवराज ने बताया अशोभनीय कृत्य

  
Last Updated:  July 29, 2022 " 09:13 pm"

भोपाल : शुक्रवार को जिला पंचायत चुनाव के दौरान भोपाल में जिला पंचायत कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का – मुक्की हुई। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़ ली। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीजेपी ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोल दिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिग्विजय सिंह की हरकत को कांग्रेस की हार की बौखलाहट का परिणाम बताया।

दिग्विजय सिंह का कृत्य अशोभनीय।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की निंदा करते हुए कहा कि ऐसा अशोभनीय व्यवहार उन्हें शोभा नहीं देता। वे पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़कर चिल्ला रहे हैं। जिला पंचायत कार्यालय के गेट को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। यह सरासर बदतमीजी है। सीएम शिवराज ने कहा कि लोकतंत्र में जय – पराजय चलती रहती है लेकिन पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़ने का हक और अधिकार उन्हें (दिग्विजय सिंह) किसने दिया । मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोई व्यक्ति 10 साल मुख्यमंत्री रहकर ऐसी हरकत करे, ये कांग्रेस की बौखलाहट है। कांग्रेस की जमीन खिसक गई है इसलिए उसके नेता अभद्रता पर उतर आए हैं।

लोकतंत्र में गुंडागर्दी से वोट नहीं मिलते।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी दिग्विजय सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़ना गुंडागर्दी है। लोकतंत्र में वोट गुंडागर्दी से नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि अपराधीकरण कांग्रेस का मूल चरित्र है, जो इस घटना से खुलकर सामने आ गया। मैं इसकी कड़ी निन्दा करता हूं। यह चुनाव में कांग्रेस की हार की खीज का परिणाम है।

दिग्विजय सिंह ने दी सफाई।

पुलिसकर्मी की कॉलर पकड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद चौतरफा हो रही आलोचना के चलते दिग्विजय सिंह ने ट्वीटर पर बयान जारी कर सफाई पेश की। उन्होंने लिखा “हे ज्ञान के देवताओं, पुलिस प्रशासन की जबरदस्ती और सत्ता की सीना जोरी आपको दिख नहीं रही है। ये कैसे विधायक को अंदर प्रतिबंधित क्षेत्र में ले जाने के लिए हमें रोकने का प्रयास करते हुए धक्का – मुक्की कर रहे हैं।” उन्होंने ट्वीटर पर अपने बयान के साथ कुछ तस्वीरें भी साझा की।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *