पहली बार जय जय सियाराम के नारों से गूंजा कांग्रेस कार्यालय, सुंदर कांड का किया गया पाठ

  
Last Updated:  August 4, 2020 " 07:41 pm"

इंदौर : शहर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में मंगलवार शाम अलग ही नजारा था। जो आज तक नहीं हुआ वो वहां घटित हो रहा था। कभी राम नाम से परहेज रखने वाले कांग्रेसी राम भक्ति में डूबे हुए थे। जय जय सिया राम की गूंज से गांधी भवन आबाद हो रहा था। जिस भगवा रंग को कभी कांग्रेस के कतिपय बड़े नेता आतंकवाद से जोडकर देखते थे उसी पार्टी के विधायक संजय शुक्ला भगवा वस्त्र पहनकर भजनों का आनंद ले रहे थे। कुल मिलाकर कांग्रेस कार्यालय का बदला हुआ नजारा हर किसी को अचंभित कर रहा था।

सुंदर कांड का रखा था पाठ…!

दरअसल राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास की पूर्व संध्या पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में सुंदर कांड का पाठ रखा था। इस तरह का आयोजन कांग्रेस कार्यालय में पहली बार होने जा रहा था। इस दौरान बकायदा पंडित बुलाकर पूजन किया गया। सुंदर कांड के वाचन के साथ संगीत की लहरियों पर भजन भी गाए गए। हालांकि गिनती के ही कांग्रेसी इसमें शामिल हुए पर जितने भी थे, उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। सुंदर कांड की समाप्ति पर आरती की गई और प्रसाद वितरण किया गया। इस बीच प्रभु श्रीराम के जयकारे भी गूंजते रहे।

प्रभु श्रीराम सभी के हैं।

सुंदर कांड के आयोजन को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल का कहना था कि प्रभु श्रीराम किसी की बपौती नहीं है। राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने में कांग्रेस का बड़ा योगदान रहा है। मन्दिर निर्माण का शिलान्यास होने की खुशी हर कांग्रेस कार्यकर्ता को है। इसलिए सुंदरकांड का पाठ रखा गया।

कांग्रेस की ओर से एक लाख रुपए करेंगे दान।

विधायक संजय शुक्ला का कहना था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण का भूमिपूजन होना हम सभी के लिए हर्ष का विषय है। भव्य राम मंदिर का निर्माण जल्द से जल्द हो ये हम सभी की कामना है। वे स्वयं शहर कांग्रेस की ओर से मन्दिर निर्माण में एक लाख रुपए का दान देंगे।

इस अवसर पर भंवर शर्मा, राजेश चौकसे, देवेंद्र यादव, रमेश उस्ताद, सन्नी राजपाल, मुकेश यादव, संजय बाकलीवाल, शैलेश गर्ग, विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी, दीपक मलोरिया, अशोक नालियां, वीरू झंझोट, सुधीर लोट, पप्पू बाथम, विशाल चतुर्वेदी, नितेश भारद्वाज, सुनील अवधिया, पीके उपाध्याय और अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *