मंत्रीद्वय डॉ. चौधरी और डॉ. यादव ने जनसेवा अभियान की प्रगति की विभागवार समीक्षा की।
इंदौर : इंदौर जिले में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। अभियान के तहत योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए हितग्राहियों के चयन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन्हें शीघ्र ही योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। जिले में जनसेवा अभियान के अन्तर्गत प्राप्त 2 लाख 66 हजार 537 आवेदनों में से 2 लाख 55 हजार 295 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। जिले में अपात्रता होने से 8 हजार 524 आवेदन अस्वीकृत किए गए हैं। शेष 2 हजार 73 लंबित आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
यह जानकारी शनिवार को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ली गई समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह, विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ व रमेश मेंदोला, अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर, अजय देव शर्मा, राजेश राठौर, आर.एस. मंडलोई, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वंदना शर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में मंत्री द्वय डॉ. चौधरी और डॉ. यादव ने इंदौर जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की प्रगति की विभाग वार समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि इंदौर जिले में 17 सितंबर से प्रारंभ हुए मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के तहत 539 शिविरों का आयोजन किया गया। साथ ही घर-घर जाकर हितग्राहियों का चयन किया गया। इस दौरान जिले में कुल 2 लाख 66 हजार 523 आवेदन पत्र प्राप्त हुए इसमें से 2 लाख 55 हजार 295 आवेदनों का निराकरण कर दिया गया है। इसके अलावा 8 हजार 524 आवेदन अपात्रता होने से और अस्वीकृत किए गए हैं। शेष 2073 लंबित आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही जारी है।
बैठक में मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस से यह अभिनव अभियान प्रारंभ किया गया है। हमारा प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिले। इसके लिए घर-घर जाकर हितग्राहियों का चयन किया गया। पात्रता के अनुसार उन्हें लाभ दिया जा रहा है। इस दिशा में यह अभियान बेहद मददगार बन रहा है।
बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। शत-प्रतिशत हितग्राहियों को लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्वीकृत आवेदनों को कारण सहित सूचीबद्ध किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत किए गए हैं, उन्हें समय सीमा में लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत जो बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं वह इस बात का प्रतीक है कि शासकीय योजनाओं के प्रति आम नागरिकों का विश्वास बढ़ा है।
बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत की गई कार्रवाई की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदौर जिले में हितग्राहियों का पात्रता के अनुसार चयन घर-घर जाकर किया गया है। हितग्राहियों के चयन के लिए 9 सौ सर्वे दल बनाए गए थे। हितग्राहियों के चयन में जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भूमिका रही। बताया गया कि सर्वे दलों को हितग्राहियों के चयन के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया था।