युवक कांग्रेस के इस्तीफा देनेवाले पदाधिकारियों के समर्थन में आगे आई परशुराम महासभा, कमलनाथ को लिखा पत्र

  
Last Updated:  January 12, 2022 " 06:30 pm"

इंदौर : शहर युवक कांग्रेस अध्यक्ष की उपेक्षा, प्रताड़ना और अपमान से आहत होकर इस्तीफा देने वाले युवक कांग्रेस पदाधिकारियों के समर्थन में परशुराम महासभा ने भी मैदान संभाल लिया है। परशुराम महासभा के प्रदेश प्रभारी पं.संजय मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को पत्र लिखकर युवक कांग्रेस के कर्ताधर्ता की कारस्तानी का विवरण देते हुए आगाह किया है कि ब्राह्मण पदाधिकारियों का अपमान करने वालों पर लगाम नहीं कसी गई तो संगठन को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है।
पं. संजय मिश्रा ने कमलनाथ को भेजे पत्र में कहा है कि कुछ दिनों पूर्व आपके द्वारा हनुमान चालीसा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, लेकिन तब भी युवक कांग्रेस अध्यक्ष ने उसका अपमान किया था और धर्म प्रेमी नागरिकों को पीड़ा पहुंचाई थी। हाल ही में इसी पदाधिकारी ने युवक कांग्रेस के 6 ऐसे पदाधिकारियों को पीड़ित और प्रताड़ित किया है, जो बरसों से संगठन के प्रति समर्पित होकर मैदानी काम संभाल रहे थे। इनमें तत्सम भट्ट, अभिजीत पांडे, पूजा अवस्थी, सौरभ शर्मा, अनुकूल अवस्थी, निमिष जोशी जैसे कार्यकर्ता प्रमुख हैं, जिन्हें अपमानित कर इस्तीफा देने पर मजबूर किया गया।

पदाधिकारी नहीं ब्राह्मण समाज का हुआ अपमान।

पंडित संजय मिश्रा ने कमलनाथ को लिखे पत्र में कहा है कि शहर युवक कांग्रेस अध्यक्ष की मनमानी से इन पदाधिकारियों का ही नहीं, समूचे ब्राह्मण समाज का अपमान हुआ है। ब्राह्मण समाज ने हमेशा शहर ही नहीं, देश को भी अच्छे और सक्षम जन प्रतिनिधि दिए हैं। शहर के एकमात्र कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला भी ब्राह्मण समाज से ही हैं। इस स्थिति में युवक कांग्रेस जैसे संगठन में ब्राह्मण समाज के अपमान पर आपको तुरंत संज्ञान लेकर कड़े और उचित कदम उठाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो भविष्य में ब्राह्मण समाज भी कांग्रेस संगठन की इसी तरह उपेक्षा करेगा। सर्व ब्राह्मण समाज, परशुराम महासभा, अभा. ब्राह्मण संगठन और अन्य ऐसे संगठन अपने विरोध दर्ज कराने के लिए आंदोलन जैसे कदम भी उठा सकते हैं। आपसे अनुरोध है कि मामले में तूल पकड़ने से पहले ही समन्वय स्थापित करें और कांग्रेस को होने वाले नुकसान से बचाएं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *