वीर सावरकर की पुण्यतिथि पर अर्पित किए गए श्रद्धासुमन
Last Updated: February 26, 2022 " 04:06 pm"
इंदौर : राष्ट्र सूर्य, स्वातन्त्र्य वीर विनायक दामोदर सावरकर की 56वीं पुण्यतिथि के अवसर पर इंदौर के जंजीरवाला चौराहा स्थित वीर सावरकर की प्रतिमा पर शनिवार सुबह बड़ी संख्या में राष्ट्र भक्त नागरिक एकत्र हुए।उन्होंने वीर सावरकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सावरकर को मिले भारतरत्न ।
इस मौके पर शहर के वरिष्ठ और गणमान्य नागरिकों ने एक स्वर में मांग रखी कि वीर सावरकर को शीघ्र भारतरत्न की उपाधि प्रदान की जाए और शालेय पाठ्यक्रम में सावरकर की जीवनी को भी शामिल किया जाए ताकि भावी पीढ़ी उनके त्याग, तपस्या और बलिदान से परिचित हो।
सावरकर रचित गीत पेश किए।
इस अवसर पर लोकमान्य विद्या निकेतन के विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा वीर सावरकर रचित दो मराठी गीतों ” ने मजसी ने परत मातृभूमि ला” तथा ‘ जयोस्तुते’ की प्रस्तुति दी गई । कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम गान के साथ हुआ । इस अवसर पर पूर्व पार्षद विनीता धर्म, सुधीर देडगे, पराग लोंढे, वीर स्मारक समिति के श्रीराम महाशब्दे, लोकमान्य नगर के वैभव ठाकुर, तरुण मंच के संयोजक प्रशांत बडवे, सुनील धर्माधिकारी, समीर पानसे, सुनील देशपांडे आदि सहित कई विशिष्ट जन मौजूद रहे।