भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अपने निवास पर वी.सी. के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में कोरोना की स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दोबारा कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे समय में शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता COVID19 संक्रमण रोकना है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सभी प्रभारी अधिकारी सक्रिय हो जाएं। अपने-अपने जिलों की रोज मॉनिटरिंग करें। सभी जिले क्राइसिस मैनेजमेंट समूह की बैठक बुलाकर जिलों में COVID19 संक्रमण रोकने, टेस्टिंग व उपचार की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करें। आर्थिक गतिविधियां प्रभावित न हों तथा जनता को परेशानी ना हो इसके मद्देनजर हमें COVID19 संक्रमण रोकने के लिए लॉकडाउन छोड़कर अन्य सभी उपाय करने होंगे। जनता को जागरूक करना होगा कि सभी मास्क लगाएं, सोशल डिस्टेंसिंग रखें व सभी आवश्यक सावधानियां बरतें। गत 7 दिनों के औसत के अनुसार प्रदेश में प्रतिदिन औसत 1019 प्रकरण पॉजिटिव आ रहे हैं। प्रदेश की औसत पॉजिटिविटी रेट 5.3 प्रतिशत हो गई है।
COVID19 संक्रमण रोकने के लिए यह आवश्यक है कि आगामी त्योहार होली, शबे बारात आदि घर पर ही मनाए जाएं। इन त्योहारों पर चल समारोह प्रतिबंधित रहेंगे। सभी जिलों में मेले प्रतिबंधित रहेंगे। जिन जिलों में कोरोना के कम प्रकरण हैं, उन्हें छोड़कर शेष सभी में सामाजिक गतिविधियां भी प्रतिबंधित रहेंगी। सीमित संख्या के साथ आवश्यक सामाजिक गतिविधियां जिला प्रशासन की अनुमति से की जा सकेंगी।