18 जून से खुलेंगे चिड़ियाघर, रीजनल पार्क व मेघदूत उपवन
Last Updated: June 18, 2021 " 06:44 pm"
इंदौर : कोरोना संक्रमण में आई कमीं को देखते हुए नगर निगम द्वारा संचालित रीजनल पार्क, मेघदूत उपवन एवं कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय 18 जून से प्रारंभ किया जा रहा है। सोमवार से शनिवार शाम 6:00 बजे तक ये पार्क खुले रहेंगे। प्रत्येक रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान इन्हें बंद रखा जाएगा।
बता दें पिछले दिनों कोविड-19 के संक्रमण में निरंतर हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने नगरीय क्षेत्र में कोरोना कर्फ्यू लगा दिया था। इसके चलते नगर निगम के नियंत्रण वाले रीजनल पार्क, मेघदूत उपवन एवं प्राणी संग्रहालय को आगामी आदेश तक बंद रखे जाने के निर्देश दिए गए थे।
कोरोना प्रोटोकॉल का सख़्ती से कराया जाएगा पालन।
निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने उपायुक्त एवं प्रभारी अधिकारी प्राणी संग्रहालय, रीजनल पार्क व मेघदूत उपवन को जनसामान्य के प्रवेश एवं भ्रमण के दौरान कोविड-19 से संबंधित दिशा-निर्देश जैसे सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क एवं सैनिटाइजेशन आदि का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही टिकट विंडो के बाहर एवं प्रवेश द्वार पर सोशल डिस्टेंसिंग के लिए गोले बनाने, प्रवेश, निकासी एवं भ्रमण के दौरान दर्शकों के द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने व इस हेतु विशेष सतर्कता एवं आवश्यक इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए हैं।