27 अगस्त को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मातृशक्ति को देंगे रक्षाबंधन का उपहार : उषा ठाकुर

  
Last Updated:  August 26, 2023 " 09:41 pm"

इंदौर : कैबिनेट मंत्री ऊषा ठाकुर का कहना है कि रविवार, 27 अगस्त को अविस्मरणीय एवं भारतीय इतिहास का स्वर्णिम दिवस होने वाला है, जब सीएम शिवराज सिंह चौहान सम्पूर्ण मातृ शक्ति को रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उपहार देंगे। उषा ठाकुर ने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की पुजारी है। भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए
भाजपा सरकार द्वारा इतनी योजनाएं बनाई कि हमारी सारी हितग्राही महिलाएँ समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनी हैं। लाड़ली लक्ष्मी से लेकर लाड़ली बहना तक लागू की गई योजनाओं का ही परिणाम है की मप्र में लिंगानुपात बेहतर हुआ है। अब एक हजार लड़कों के अनुपात में 956 बालिकाएं जन्म ले रहीं हैं। जेंडर बजट मध्य प्रदेश में प्रारंभ हुआ ,महिला नीति भी मध्य प्रदेश में बनायी गई।

मंत्री ऊषा ठाकुर ने कहा कि अब 21-23 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित बहनों को भी लाडली बहना योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी को आज शिक्षा के लिए चिंता करने की आवश्यकता नहीं है चाहे स्कूली शिक्षा हो या उच्च शिक्षा या फिर प्रतियोगी परीक्षा में चयन होने के बाद भी सारी फ़ीस मध्य प्रदेश सरकार भरती है।

लाडली बहना सेना का गठन।

मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि लाडली बहना सेना का गठन कर उन्हें आत्म रक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। लाड़ली बहना योजना सामाजिक क्रांति है और यह बहनों के जीवन में आमूलचूल परिवर्तन करने वाली है। इसके अलावा प्रदेश में एस सी, एस टी छात्रावास बड़ी संख्या में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा बनाए जा रहे हैं। शिक्षा में बहनों को 50 %, पुलिस भर्ती में 30 प्रतिशत और अन्य नौकरियों में 33 प्रतिशत एवं स्थानीय निकायों में 50% आरक्षण दिया गया है। महिलाओं की अस्मिता से छेड़-छाड़ करने वालों को फाँसी की सजा देने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बना है।

कांग्रेस ने महिलाओं की अनदेखी की।

उषा ठाकुर ने कहा कि महिला कल्याण से जुड़ी सारी योजनाएं कांग्रेस ने बंद कर दी थीं। यहां तक की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 51 हजार देने का सिर्फ ढिंढोरा पीटा गया पर एक भी नवविवाहिता को इसका लाभ नहीं मिला। महिला सशक्तिकरण का काम अगर किसी ने किया है तो वह बीजेपी सरकार ने किया है।

इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन, नगर सह मीडिया प्रभारी नितिन द्विवेदी, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष शैलजा मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *