मौज- मस्ती के लिए दो पहिया वाहन चुराकर बेचनेवाला आरोपी पकडाया, तीन बाइक बरामद
Last Updated: November 28, 2021 " 06:57 pm"
इंदौर : क्राइम ब्रांच इन्दौर व थाना हीरानगर पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से 3 दो पहिया वाहन, कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए के बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोविंद पिता बाबूलाल यादव निवासी 504- बी तुलसी नगर, महालक्ष्मी नगर होना बताया। बरामद वाहन उसने बाणगंगा व हीरानगर थाना क्षेत्र से चुराए थे, जिनकी चोरी की रिपोर्ट भी दोनों थानों में दर्ज है। आरोपी के मुताबिक वह मौज मस्ती के लिए वाहन चोरी कर सस्ते दामों में बेच देता था। आरोपी से उसके अन्य साथियों और वाहन चोरी की अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।