कनकेश्वरी गरबा मैदान में होने वाले संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन मे होंगे सम्मिलित।
इंदौर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 जुलाई को इंदौर आ रहे हैं।वे यहां कनकेश्वरी गरबा मैदान में आयोजित संभागीय बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। गृहमंत्री के इंदौर प्रवास के मद्देनजर जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पर राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई।
अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ हुई इस बैठक में नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
इंदौर से होगा विधानसभा चुनाव के अभियान का श्री गणेश।
इस अवसर पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कनकेश्वरी गरबा मैदान में 30 जुलाई को होने वाले संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन में सम्मिलित होंगे। विजयवर्गीय ने कहा कि हमें इस कार्यक्रम के लिए 72 घंटे का समय मिला है। इतने समय में सफल कार्यक्रम का आयोजन इंदौर के कार्यकर्ता ही कर सकते हैं। हमें सतत कार्यकर्ताओं से जीवंत संपर्क रखते हुए पोलिंग बूथ के कार्यकर्ता तक पहुंचना होगा। उन्होंने कहा कि अहिल्या माता का नगर इंदौर, प्रेरणा का केंद्र है, इस पावन नगरी से विधानसभा चुनाव का श्रीगणेश होगा। बैठक में संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। अंत में आभार जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर ने माना।
बैठक में संभागीय प्रभारी राघवेंद्र गौतम, सह संभागीय प्रभारी तेज बहादुर सिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती,नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे,ग्रामीण अध्यक्ष राजेश सोनकर, वरिष्ठ नेता बाबू सिंह रघुवंशी,कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट,आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, कैबिनेट मंत्री उषा ठाकुर,महापौर पुष्यमित्र भार्गव,विधायक रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा और सुदर्शन गुप्ता उपस्थित रहे।