क्लीन सिटी के साथ ग्रीन सिटी में भी नंबर वन बनेगा इंदौर : मुख्यमंत्री यादव

  
Last Updated:  July 7, 2024 " 04:49 pm"

*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव के साथ बीएसएफ रेंज क्षेत्र में किया पौधारोपण ।

जीवन देने वाली माँ को नमन और प्रकृति माँ के सम्मान हेतु हरी भरी धरती देने के संकल्प को पूरा करना हमारा कर्तव्य है – केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव।

इंदौर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत इंदौर में 51 लाख पौधे रोपे जाने के अभियान में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शिरकत की। उन्होंने बिजासन स्थित बीएसएफ रेंज क्षेत्र में अपनी माताजी की याद में पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी माताजी स्व. श्रीमती लीलाबाई यादव की स्मृति में बड का पौधा लगाया। केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अपनी माताजी श्रीमती संतरा यादव की याद में आम का और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी अपनी माताजी अयोध्या देवी विजयवर्गीय की याद में आम का पौधा लगाया।

क्लीन सिटी के साथ ग्रीन सिटी में भी इंदौर बनेगा नंबर वन।

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, आदिकाल से इंदौर और उज्जैन का पर्यावरण को लेकर विशेष संबंध रहा है। मां क्षिप्रा का उद्गम इंदौर से है। 7 नदियों के उद्गम का स्थल इन्दौर ही है। देश एवं दुनिया में इंदौर की विशेष पहचान है। क्लीन सिटी के साथ ग्रीन सिटी में भी इंदौर अवश्य नम्बर वन बनेगा।

उन्होंने कहा केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री के प्रयास से मध्य प्रदेश को चीते मिले, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय समाज सदैव से प्रकृति पूजक रहा है। भारत की वैदिक परंपराओं में कहा गया है कि 10 कुओं के समान एक सरोवर, 10 सरोवर के समान एक तालाब, 10 तालाब के समान एक पुत्र और 10 पुत्रों के समान एक वृक्ष होता है। वृक्ष की महत्ता हमारी परम्परा में है।

धरती मां को हरियाली लौटाना हमारा कर्तव्य है।

केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा, प्रधानमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ किया है। पूरे देश में 140 करोड़ पौधे लगाने का महा अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा इस वर्ष गर्मी का प्रचंड रूप 45 से 50 डिग्री तापमान के रूप में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में विकास और परियोजनाओं को पूरा करने के लिए मनुष्य ने कांक्रिट के शहर तो बसा दिए लेकिन धरती की हरियाली को उजाड़ दिया। मनुष्य कितनी भी तरक्की कर ले लेकिन भोजन, पानी, दवाओं का अंतिम एलिमेंट सहित कई जरूरतें प्रकृति उपहार में देती है लेकिन हम प्रकृति को इसके बदले में क्या लौटाते है। एक मां ने हमें जन्म दिया तो धरती मां हमें जीवन जीने के साधन प्रदान करती है। जीवन देने वाली मां को नमन करने और प्रकृति मां के प्रति सम्मान के लिए हरी भरी धरती देने के संकल्प को पूरा करना हमारा कर्तव्य है। धरती केवल इंसान के लिए नहीं समस्त जीव मात्र के लिए है, इसलिए इस अभियान के माध्यम से देश में एक वृक्ष माँ के नाम अभियान के तहत प्रत्येक देशवासी से पौधारोपण का आह्वान किया गया है। पौधारोपण की पहल में म.प्र. का प्रयास सराहनीय है। इंदौर वासियों का क्लीन इंदौर के साथ ग्रीन इंदौर बनाने का अभियान प्रशंसनीय है। केन्द्रीय मंत्री श्री यादव एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सम्मान पगडी, दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

51 लाख पौधे रोपने के साथ उनका संरक्षण भी करेंगे।

कार्यक्रम को नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी संबोधित करते हुए कहा, इंदौर के ग्रीन कवरेज को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा 51 लाख पौधों के रोपण के साथ इनके संरक्षण हेतु भी विशेष प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने बताया विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं द्वारा पौधारोपण करते हुए उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ली जा रही है। इंदौर में जनभागीदारी के साथ अभियान को प्रभावी तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा इन्दौर को ग्रीन कवरेज में नंबर वन बनाएंगे।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, मधु वर्मा और रमेश मेंदोला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना मालवीय, कृष्ण मुरारी मोघे, गौरव रणदिवे, चिन्टू वर्मा आदि गणमान्यजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम में संभागायुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, बीएसएफ के आईजी सीएसडब्ल्यूटी बी.एस. रावत, महानिरीक्षक सहायक प्रशिक्षण केन्द्र बीएसएफ अश्विन कुमार शर्मा सहित अधिकारीगण, बड़ी संख्या में महिलाएं और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।

इस मौके पर बीएसएफ रैंज में बडी संख्या में माताएं अपने बच्चों के साथ उपस्थित हुई और पौधारोपण किया। स्वागत भाषण महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दिया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *