पर्यावरण अनुकूलता की दिशा में देश और दुनिया को नई राह दिखाएगा 51 लाख पौधरोपण का अभियान : ओम बिरला

  
Last Updated:  July 10, 2024 " 07:52 pm"

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हजारों स्कूली बच्चों के साथ बिजासन के समक्ष अटल वन में किया पौधरोपण।

इंदौर : लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने मगलवार को एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत इंदौर में चल रहे 51 लाख पौधे लगाने के महा अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने पितृ पर्वत के बाद इंदौर के बिजासन के समीप अटल वन में भी पौधरोपण किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओम बिरला ने पौधरोपण अभियान को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के दूषपरिणामों का सामना कर रहा है, ऐसे समय में यह अभियान पर्यावरण अनुकूलता की दिशा में देश और दुनिया को नया दृष्टिकोण व नई राह दिखाएगा।

लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, वन एवं पर्यावरण मंत्री नागर सिंह चौहान, पशुपालन मंत्री लाखन पटेल, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, उत्तरप्रदेश विधान परिषद के सदस्य महेन्द्रसिंह, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, ‍विधायक महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गौरव रणदिवे और चिंटू वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद थे। सभी अतिथियों ने हजारों स्कूली बच्चों के साथ बिजासन के सामने स्थित अटल वन में पौधरोपण किया। इस अवसर पर ओम बिरला ने पौधरोपण के ब्रांड एम्बेसेडर विष्णु लांबा और कुमारी प्रसिद्धि का सम्मान भी किया।

पर्यावरण अनुकूलता के लिए मददगार साबित होगा ये अभियान।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओम बिरला ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान शुरू किया है। इस अभियान को मध्यप्रदेश विशेषकर इंदौर में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। यह अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण अनुकूलता के लिए मददगार साबित होगा। पौधरोपण हमारी संस्कृति, संस्कार एवं अध्यात्म से जुड़ा है। यह अभियान वर्तमान के साथ भविष्य को भी सुखद बनाने का अभियान होगा। देश और विश्व की पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के समाधान का माध्यम भी बनेगा।

यह मानव जीवन को बचाने का अभियान है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि यह अभियान मानव जीवन को बचाने का बड़ा अभियान है। यह एक अच्छा कार्य है। इस अभियान को निरन्तर आगे बढ़ाते रहना चाहिए।

हमारे जीवन का आधार हैं वृक्ष।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वृक्ष धरती का श्रृगांर है। यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा आधार है। वृक्ष पर ही जीवन की निर्भरता है। वृक्ष हमें जीवन बचाने के लिए सब कुछ देता है। हमारा फर्ज बनता है कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाये और उनकी सुरक्षा करें।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्वागत भाषण देते हुए इंदौर में चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से जन आंदोलन बन गया है। राज्य सरकार ने जहां एक ओर साढे 5 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा है, वहीं इंदौर में ही 51 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम को महेंद्र सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, पर्यावरण प्रेमी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *