इंदौर : श्री पद्मावती वेंकटेश देव स्थान पर चल रहे ब्रह्म उत्सव का समापन शुक्रवार को भगवान बालाजी के महाअभिषेक व चक्रस्नान के साथ हुआ। बाद में प्रसाद वितरण भी किया गया।सुबह 11 बजे भगवान बालाजी का महाअभिषेक निज मंदिर में किया गया। इसमें पोद्दार परिवार, रमेश मानधन्या परिवार एवं राधेश्याम लाहोटी परिवार ने पूजन – अर्चन कर प्रभु का आशीर्वाद लिया। दूध, दही ,केसर, हल्दी, शक्कर एवं पवित्र नदियों के जल से 108 रजत कलशो से अभिषेक किया गया साथ ही श्री सूक्त, पुरुष सूक्त का मंत्रोच्चार भी किया गया। अभिषेक के बाद भगवान का श्रृंगार कर महाआरती की गई। अंत में गोष्ठी प्रसाद के साथ अभिषेक तीर्थ प्रसाद का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर सुभद्रा बाई साबू भगवानदास हेडा, कमल नारायण काबरा,राजा लड्ढा, प्रदीप साबू, राम हुरकट, राजेंद्र काबरा, अशोक अग्रवाल, अनुराधा कश्यप आदि मौजूद थे।
मंदिर समिति के मनोहर सोनी एवं हरिकिशन साबू ने बताया कि सुबह के सत्र में 9:00 बजे भगवान का चक्र स्नान हुआ जिसमें पुष्कर्णी में भक्तों ने भगवान को स्नान कराया एवं स्वयं भी ठंडे जल से स्नान किया। श्रृंगार आरती के साथ उत्सव का समापन हुआ।








