विश्व पर्यारण दिवस।
मंत्री, महापौर द्वारा एक पेड मां के नाम अभियान की शुरूआत।
इंदौर के तापमान को कम करने के लिये पौधारोपण आवश्यक।
जन भागीदारी से शहर को हरियाली के क्षेत्र में नंबर वन बनाएंगे : महापौर।
इंदौर : एक पेड मां के नाम अभियान के क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संकल्पना के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 51 लाख पौधारोपण के दृढ संकल्प के साथ नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा नेहरू पार्क में पौधारोपण कर अभियान की शुरूआत की गई।
इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मैन्दोला, महेन्द्र हार्डिया और गोलू शुक्ला, सभापति मुन्नालाल यादव, आयुक्त शिवम वर्मा, संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम, भाजपा नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर परिषद सदस्य राजेन्द्र राठौर, नंदकिशोर पहाडिया, अभिषेक शर्मा, मनीष शर्मा, निरंजनसिंह चौहान, अश्विनी शुक्ल, सचेतक कमल वाघेला, पार्षद गण, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, बडी संख्या में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और विद्यार्थीगण भी इस दौरान मौजूद रहे। सभी ने नेहरू पार्क में बनाई गई सिंदूर वाटिका, आम वाटिका में 1100 से अधिक पौधो का रोपण किया। कार्यक्रम के अंत में आभार महापौर परिषद सदस्य व क्षेत्रीय पार्षद नंदकिशोर पहाडिया ने माना। अतिथियों द्वारा उद्यान विभाग के 5 अधिकारी/कर्मचारियों का सक्रियता से कार्य करने पर शॉल व श्रीफल प्रदान कर सम्मान किया गया।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस मौके पर कहा कि हम उस समाज के हैं जहां पेड़ हमको ऑक्सीजन देता है, हम उसकी पूजा करते हैं। नदियां हमको पानी देती है, हम उनकी पूजा करते हैं। हमारे जीवन में हमें कभी ऋणी नही रहना चाहिये, जो हमें कुछ देता है, उसे हमें भी कुछ देना चाहिये। एक पेड़ मां के नाम अभियान के क्रम में हमारे देश के प्रधानमंत्री ने सिंदूर का पौधा अपने आंगन में लगाया है,वहीं अरावली पर्वत को पूरा ग्रीन करने का संकल्प लिया है, यह बहुत बड़ा संकल्प है। उन्होने कहा कि हमने विगत वर्ष में शहर के रेवती रेंज पहाडी पर 12 लाख 40 हजार से अधिक पौधे एक ही दिन में रोपे थे, जो वर्तमान में भी निगम के सहयोग से जीवित हैं। शहर के तापमान को कम करने के लिये आवश्यक है कि हम इंदौर व इंदौर के आस-पास वृहद स्तर पर पौधारोपण करे व उनका संरक्षण करे, ताकि इंदौर की शाम को फिर से जो मालवा की शाम शब ए मालवा कहते हैं, वह सार्थक हो सके।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री का संकल्प है, उन्होने कहा कि शहर के मध्य सबसे पुराने उद्यान नेहरू पार्क में पौधारोपण अभियान की शुरूआत की जा रही है, उन्होने महापौर से अनुरोध किया कि पूरे इंदौर में लगभग लगभग 1300 उद्यान हैं, क्यों ना एक बार एक साथ 1300 उद्यान में पौधारोपण किया जाए, एक पेड मां के नाम अभियान के क्रम में इस पौधारोपण अभियान को जन आंदोलन बनाकर इंदौर को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में हरियाली से आच्छादित किया जाए।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि मंत्री कैलाश विजयर्गीय के नेतृत्व में विगत वर्ष 51 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया गया था। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उनकी उपस्थिति में इस अभियान की शुरुआत हो रही है। इसमें इस वर्ष नगर निगम का जो लक्ष्य 15 लाख पौधारोपण का है, वह हम आने वाले समय में जन सहयोग से पूरा करेंगे। यह हरियाली केवल पेड़ लगाने के लिए नहीं है बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए स्वच्छ वायु देने में भी नंबर वन बनाने का प्रयास है। इंदौर ने हमेशा भविष्य के बारे में सोचा है।
जनकार्य व उद्यान प्रभारी राजेन्द्र राठौर ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंत्री विजयवर्गीय व सिलावट, महापौर भार्गव व अन्य द्वारा नेहरू पार्क में बनाई गई सिंदूर वाटिका व आम वाटिका सहित पूरे उद्यान में छायादार व फलदार पौधो का रोपण किया गया। उन्होने कहा कि प्रारंभिक तौर पर 1100 पौधो का रोपण किया गया है, इसके बाद इस पार्क में 5 हजार से अधिक पौधो का रोपण किया जाएगा। नेहरू पार्क को हरियाली से आच्छादित करने के साथ ही इस पार्क को मनोरंजन व खेल गतिविधियों के लिये भी तैयार किया गया है, साथ ही यहां पर वर्षो पुराने स्वीमिंग पुल का भी निगम द्वारा जीर्णोद्धार किया जा रहा है ताकि इंदौर के तैराकों को राष्ट्रीय स्तर की तैयारियो के लिये बेहतर स्थान मिल सके।