इंदौर : जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बीते कुछ दिनों से लगातार कम हो रहे हैं, ये बात एक बार फिर साबित हुई। देर रात सीएमएचओ कार्यालय द्वारा शुक्रवार 8 मई के जो आंकड़े जारी किए गए हैं, उनमें 4 फीसदी से भी कम सैम्पल्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शेष सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसी के साथ उत्साहजनक खबर ये भी है कि कोरोना पराजित कर घर लौटने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है।
96 फीसदी से अधिक की रिपोर्ट निगेटिव।
शुक्रवार को बैकलॉग सहित कुल 1611 सैम्पल्स जांच हेतु भेजे गए थे। उनमें से 1407 की रिपोर्ट सीएमएचओ कार्यालय को प्राप्त हो गई है। इनमें से 1354 सैम्पल्स निगेटिव पाए गए हैं। केवल 53 सैम्पल पॉजिटिव मिले हैं जो 4 फीसदी से भी कम हैं। यह दर्शाता है कि कोरोना के खिलाफ लड़ी जा रही जंग में इंदौर को कामयाबी मिलने लगी है। आज दिनाक तक कुल 12744 सैम्पल्स की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। इनमें से 1780 सैम्पल्स पॉजिटिव पाए गए हैं।
एक और मरीज ने तोड़ा दम, 87 हुई मृतकों की तादाद।
मेडिकल बुलेटिन में दी गई जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को कोरोना से लड़ते हुए एक और मरीज ने दम तोड़ दिया। इसे मिलाकर कोरोना से मरनेवाले मरीजों की तादाद 87 हो गई है। हालांकि कुल संक्रमित मरीजों के मुकाबले ये तादाद देखी जाए तो वो 5 फीसदी से भी कम है।
कोरोना को हराकर 69 और लौटे घर।
बीते कुछ दिनों से कोरोना पर विजय पानेवालों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। शुक्रवार 8 मई को कोरोना को पटखनी देनेवाले 69 और मरीजों की अस्पताल से घर वापसी हुई। इन्हें मिलाकर अब तक कुल 732 मरीज ठीक होकर घर लौट गए हैं। याने 40 फीसदी से ज्यादा मरीज कोरोना को हराने में सफल हुए हैं। 961 मरीजों का इलाज अभी भी चल रहा है।
क्वारन टाइन सेंटरों से भी 18 सौ से ज्यादा घर भेजे गए।
निर्धारित अवधि में कोरोना के लक्षण नहीं पाए जाने पर शुक्रवार को 14 और लोगों को क्वारनटाइन सेंटरों से छुट्टी दे दी गई। इन्हें मिलाकर अबतक कुल 1868 लोगों को क्वारनटाइन से डिस्चार्ज किया जा चुका है।