सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा पीएम मोदी का जन्मदिवस

  
Last Updated:  September 14, 2020 " 04:17 am"

इंदौर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 सितंबर को 70 वां जन्मदिवस है। उनके जन्मदिवस को भारतीय जनता पार्टी ‘सेवा सप्ताह’ के रूप में मनाएगी। सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता विभिन्न सेवा कार्य करेंगे। सेवा सप्ताह के ये कार्यक्रम 14 से 20 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे।
बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे और ‘जन्मदिवस सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम के संयोजक अभिषेक बबलू शर्मा ने बताया कि 14 सितंबर को शहर के 70 स्थानों पर कार्यकर्ताओं के द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान आम लोगों से वन टाइम यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का आग्रह किया जाएगा। 15 सितंबर को दिव्यांगों को कृत्रिम अंगों का वितरण किया जाएगा साथ ही विधानसभाओं में आई कैंप लगाकर जरूरतमंदों व गरीबों की आंखों की जांच और नि: शुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे। सेवा सप्ताह के दौरान 16 सितंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप लगाया जाएगा जिसमें युवा मोर्चा के सभी कार्यकर्ता शामिल होंगे।इस मौके पर जन जागरण अभियान चलाकर जो लोग कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आने के बाद निगेटिव हुए हैं, उनसे प्लाज्मा देने के लिए संकल्प पत्र भरवाए जाएगें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस 17 सितंबर को है। इस दिन 70 गरीब बस्तियों में महिला मोर्चा व अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा फल व आवश्यक दवाओं का वितरण किया जाएगा। 18 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा विगत 1 वर्ष में देश हित मे लिए गए निर्णय और कार्यों को प्रदर्शनी और चौराहों पर लगी स्लाइड के माध्यम से आम लोगों को दिखाया जाएगा। 19 सितंबर को वेबीनार के माध्यम से 70 प्रबुद्धजनों की वर्चुअल कान्फ्रेंस की जाएगी। इसी के साथ सप्ताह के अंतिम दिन 20 सितंबर को प्रत्येक वार्ड के 70 स्थानों पर वृहद पौधरोपण कार्यक्रम किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा सप्ताह के रूप में मनाने के संदर्भ में रविवार को भाजपा कार्यालय पर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे एवं कार्यक्रम संयोजक अभिषेक बबलू शर्मा ने कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली और उन्हें उचित निर्देश दिए।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *