नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान मंगलवार को सम्पन्न हुआ। 13 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 117 सीटों के लिए वोट डाले गए। ताजा समाचार मिलने तक कुल 61.31 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प.बंगाल में कुछ जगहों पर हिंसक झड़पों के बावजूद बम्पर वोटिंग हुई। जम्मू- कश्मीर में सबसे कम मतदान हुआ। अमित शाह, राहुल गांधी, आजम खान, जयाप्रदा, वरुण गांधी सहित कई दिग्गजों का भाग्य भी तीसरे चरण के मतदान के साथ ईवीएम में कैद हो गया है। तीनों चरण मिलाकर 543 में से 308 सीटों पर वोट डाले जा चुके हैं।
गुजरात और केरल की सभी सीटों पर हुआ मतदान।
तीसरे चरण में गुजरात की सभी 26 और केरल की पूरी 20 सीटों के लिए वोट डाले गए। इसी के साथ महाराष्ट्र और कर्नाटक की 14- 14, यूपी की 10, छत्तीसगढ़ की 7, असम की 4, बिहार की 5, ओडिशा की 6, प. बंगाल की 5, गोवा की 2 और जम्मू- कश्मीर, त्रिपुरा, दादरा नगर हवेली व दमन-दीव की एक- एक सीटों पर मतदान हुआ। जम्मू- कश्मीर की अनंतनाग सीट के लिए एक हिस्से में वोट डाले गए। इस सीट पर तीन चरणों में मतदान होना है।
प. बंगाल में सबसे अधिक वोटिंग।
मिली जानकारी के मुताबिक प. बंगाल में सबसे ज्यादा 70 फीसदी से अधिक वोट पड़े। केरल में भी मतदाताओं की लंबी कतारें देखीं गई।वहां 68.62 फीसदी मतदान हुआ। कर्नाटक में 60.87, गुजरात में 58.81, छत्तीसगढ़ में 64.03, महाराष्ट्र में 55.05, बिहार में 54.95 और यूपी में 50 फीसदी मतदान की खबर है। जम्मू- कश्मीर की अनंतनाग सीट पर सबसे कम 12.47 फीसदी वोट पड़े। इन आंकड़ों में अभी और इजाफा हो सकता है। फिलहाल विस्तृत विवरण नहीं मिल पाया है।
कई स्थानों पर ईवीएम में आई खराबी।
कई सीटों पर ईवीएम में खराबी आने से मतदान प्रभावित हुआ। बाद में मशीनें बदलकर वोटिंग सम्पन्न कराई गई।