अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर इन्दौर पुलिस द्वारा महिला पुलिस के लिये विशेष कार्यक्रम आयोजित।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित।
इंदौर : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (08 मार्च) के अवसर पर इंदौर पुलिस द्वारा विभाग की महिला पुलिस सदस्यों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन पुलिस आयुक्त कार्यालय पलासिया के सभागार मे आयोजित कियाग गया।
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में अति. पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) मनोज कुमार श्रीवास्तव, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं आसूचना/सुरक्षा) अंकित सोनी विशेष अतिथि के बतौर मौजूद रहे। अति. पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्रीमती सीमा अलावा, अति. पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा शाखा) श्रीमती प्रियंका डुडवे, सहायक पुलिस आयुक्त (अजाक/महिला सुरक्षा शाखा) सोनू डाबर, सहायक पुलिस आयुक्त गांधी नगर श्रीमती रुबिना मिजवानी, रक्षित निरीक्षक दीपक कुमार पाटिल सहित नगरीय पुलिस इन्दौर की आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक की महिला अधिकारी/कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती सीमा अलावा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा, हम सभी महिलाएं पुलिस की ड्यूटी के साथ ही अपनी व्यक्तिगत व सामाजिक जीवन में विभिन्न भूमिकाएं निभा रही हैं।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सभी महिला पुलिस अधिकारी – कर्मचारियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, नारी अपने आप में श्रेष्ठ है। वर्तमान में वह न केवल अपने घर के हर मोर्चे को बखूबी संभाल रही, वरन बाहर भी समाज में हर क्षेत्र में अपना अभिन्न योगदान दे रही हैं। इसी प्रकार पुलिस में आप सभी कई मोर्चों को सम्भाल रही हैं, इसलिये आप सभी धन्यवाद की पात्र हैं। उन्होंने सभी महिला पुलिस अधिकारियों को कहा कि, पुरातन समय से ही हमारे यहां महिलाओं को शक्ति स्वरूपा कहा जाता है। आप सभी पुलिस में हैं तो वाकई में शक्ति हैं। स्वयं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हुए, समाज की शोषित व पीड़ित महिलाओं/बच्चियों की मदद करें और उनमें आत्मविश्वास जगायें।
एडिशनल कमिश्नर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने भी सभी महिला पुलिस अधिकारी – कर्मचारियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए,उन्हें पूर्ण आत्मविश्वास व जोश के साथ जीवन में आगें बढ़ने की शुभकामनाएं दी।
उपस्थित महिला पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा भी कार्य के दौरान अपने अनुभवों को आपस में साझा किया गया। इस दौरान महिलाओं के लिये किस प्रकार और बेहतर माहौल बनाया जा सकता है, इस पर चर्चा की गयी।
कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर इंदौर द्वारा श्रेष्ठ कार्याे के लिये महिला पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अति. पुलिस उपायुक्त श्रीमती प्रियंका डुडवे ने किया।अंत में आभार सहायक पुलिस आयुक्त गांधी नगर श्रीमती रूबिना मिजवानी ने माना।