असंख्य दीयों से जगमगाई अमावस की रात।

  
Last Updated:  October 25, 2022 " 02:19 pm"

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली का पर्व।

लोगों ने शुभ मुहूर्त में की माता महालक्ष्मी की पूजा – अर्चना।

महालक्ष्मी मंदिरों में दर्शनों के लिए लगी लंबी कतारें।

रोशनाई से नहाया समूचा शहर।

देर रात तक चलता रहा आतिशबाजी का दौर।

इंदौर : सोमवार को देश, प्रदेश के साथ इंदौर में भी रोशनाई का महापर्व दीपावली आस्था, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने इस महापर्व की जमकर खुशियां मनाई और बांटी। अमावस के अंधेरे को करोड़ों दीयों ने प्रज्ज्वलित होकर किसी कोने में सिमटने पर मजबूर कर दिया। सारा शहर रोशनाई से जगमगा रहा था। इस दौरान की गई जोरदार आतिशबाजी ने जमीं से आसमान तक सतरंगी छटा बिखेर दी। मंदिरों में माता महालक्ष्मी के दर्शन – पूजन हेतु लोगों की कतारें लगी रही। सोशल मीडिया पर दीपावली के बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई थी।

देर शाम तक चला खरीददारी का दौर।

दीपावली की खरीददारी और घरों – दफ्तरों को सजाने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। लोगों ने पूजन सामग्री, दिए, धानी, बताशे, गन्ने, लक्ष्मीजी के पाने, झाड़ू सहित उन तमाम वस्तुओं की खरीदी की जो दीपावली पूजन से संबंध रखती है।

शुभ मुहूर्त में किया पूजन।

अपने घरों, दफ्तरों, दुकानों, संस्थानों को सजाने – संवारने और रोशन करने के साथ घर के आगे आकर्षक रंगोली भी सजाईगई थी। शाम ढलते ही अमावस के अंधेरे ने अपना फन फैलाना चाहा पर असंख्य दीपों ने रोशन होकर उसे किसी कोने में सिमट जाने पर मजबूर कर दिया। दीयों के साथ इलेक्ट्रिक बल्ब की झालरें और आकाशदीप घरों, दफ्तरों, मोहल्लों, कॉलोनियों के साथ समूचे शहर में रोशनाई के महापर्व की अद्भुत छटा को और खूबसूरत बना रहे थे। लोगों ने नए वस्त्र धारण कर शुभ मुहूर्त में अपने घरों, दफ्तरों और दुकानों में माता महालक्ष्मी का पूजन किया और घर – परिवार में सुख समृद्धि बनी रहने की कामना की। इसके बाद एक – दूसरे का मुंह मीठा कराने के साथ दीप पर्व की बधाई दी। परिजनों, परिचितों और आस – पड़ोसियों को भी दीप पर्व की शुभकामनाएं दी गई। इसके बाद शुरू हुआ रंगारंग आतिशबाजी का दौर, देर रात तक चलता रहा। बच्चों और युवाओं में पटाखे चलाने को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया।

मंदिरों में उमड़ी भीड़।

घरों में पूजन के बाद लोगों ने मंदिरों का रुख किया। राजवाड़ा, ऊषा नगर, महालक्ष्मी नगर और खजराना मंदिर स्थित महालक्ष्मी मंदिरों में माता महालक्ष्मी के दर्शन – पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इस मौके पर मंदिरों में माता महालक्ष्मी का मनोहारी श्रृंगार किए जाने के साथ विशेष अनुष्ठान भी किए गए।

सोशल मीडिया पर आयी शुभकामनाओं की बाढ़।

आज के व्यस्तता भरे समय में सोशल मीडिया रिश्तों के निर्वहन का माध्यम बना हुआ है। ऐसे में दीपावली पर शुभकामना संदेशों का सोशल मीडिया के जरिए जमकर आदान – प्रदान हुआ। शुभकामना संदेशों की जैसे बाढ़ आ गई थी। लोगों ने तरह – तरह के संदेशों के जरिए दीपावली की शुभकामनाएं व्यक्त की।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *