इंदौर के स्वच्छता का महागुरु बनने पर सफाई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों का किया गया सम्मान

  
Last Updated:  July 20, 2025 " 05:25 pm"

सफाई मित्रों के वर्ष भर किए गए कार्यों का परिणाम है इंदौर का स्वच्छता में सिरमौर होना-महापौर।

इंदौर स्वच्छता में देश का महागुरू-अध्यक्ष राज्य सफाई कर्मचारी आयोग।

इंदौर : स्वच्छता में इंदौर, देश का महागुरू बनने पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा मध्य प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष प्रताप करोसिया व शहर की समस्त सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों का सिटी बस ऑफिस में सम्मान किया गया।

इस अवसर पर कामगार कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष लीलाधर करोसिया, राज्य सफाई कर्मचारी मोर्चा मध्य प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष मनोज सिरसिया, वाल्मीकि संघ के सुभाष धोलपुरे, नागेश गौहर, मध्य प्रदेश सफाई कर्मचारी महासंघ के विवेक करोसिया, निगम कर्मचारी एवं कामगार संघ के बाबूलाल सिरसिया, गजेन्द्र यादव, राजेश करोसिया, गजेन्द्र यादव, सुनील बंसल, गोकुल करोडे, बलराम चिंतामन और कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सुरेश लाहोरे व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

मध्य प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने इस मौके पर कहा कि यह बडी खुशी का अवसर है। स्वच्छता में आठवीं बार इंदौर को महागुरू (नंबर वन)का खिताब मिला है। निगम के कर्मचारी बड़ी कठिनाइयों में काम करते हैं। प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली से महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में झाड़ू लगाकर सफाई अभियान की शुरूआत की थी। उन्होने कहा कि नगर निगम की सभी ट्रेड यूनियन निगम कर्मचारियों के साथ है। यूनियन के नेतृत्व में सभी सफाई मित्र अच्छा कार्य कर रहे हैं। अध्यक्ष करोसिया ने कहा कि राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष के नाते मेरे द्वारा प्रदेश के 55 जिलों में से 50 जिलों में बैठक की गई है। इंदौर में कर्मचारियों की स्थिति प्रदेश की अन्य सभी निकायों से अच्छी है हमारे कर्मचारी यूनियन के नेता कभी भी सफाई कर्मचारियों की मांगों के संबंध में महापौर या आयुक्त से मिलते हैं तो उनकी मांगों पर विचार भी किया जाता है और मांग स्वीकार भी की जाती है। वर्तमान में किसी भी सफाई कर्मचारी के दुर्घटना में घायल होने पर उसका पूरा इलाज निगम द्वारा बड़े से बड़े अस्पताल में कराया जाता है। इंदौर में सफाई में अधिकांश वाल्मीकि समाज के लोग कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी समाप्त करने के संबंध में केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा अच्छा कार्य किया गया है। कर्मचारियों का ध्यान रखा जाता है इसीलिए आज नगर निगम इंदौर स्वच्छता में नंबर वन है। उन्होने कहा कि वर्ष 2016 तक के कर्मचारियों को विनियमित करने के लिए मेरे द्वारा शासन स्तर पर विशेष प्रयास किए गए हैं ताकि शीघ्र कर्मचारियों को विनियमित किया जा सके।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि सफाई मित्रों के चेहरे पर जो खुशी और उत्साह देखा गया, वो दर्शाता है कि जैसे साल भर तक मेहनत करने के बाद छात्र को जो परिणाम मिलता है, उसी प्रकार सफाई मित्रों के साल भर के अथक प्रयास के परिणाम स्वरुप ही नगर निगम इंदौर सफाई में देश में महागुरु बना है। इंदौर की ताकत हमारे सफाई मित्र हैं। हमारे कर्मचारी हैं। आप सभी कर्मचारी यूनियन मिलकर कर्मचारियों का सुख-दुख में ध्यान रखते हैं उनका हौसला बढ़ाते हैं।

महापौर पुप्यमित्र भार्गव ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर 1 हजार की घोषणा की गई है, जिसको हम शीघ्र ही लागू करेगे। जब मैं महापौर बना था तो मैने संकल्प लिया था कि कर्मचारियों को 1 तारीख को वेतन का वितरण किया जाएगा, हम उसका पालन कर रहे हैं। सभी मस्टर कर्मचारियों को विनियमित करने के लिये हमारी परिषद द्वारा प्रस्ताव पास किया गया है। शासन स्तर पर भी कार्यवाही जारी हैं हमारा यह मानना है कि सफाई का यह कार्य कुशल कार्य है इसलिये हमने सफाई कर्मचारियों को जो अभी वर्तमान में अर्द्धकुशल है उनको कुशल बनाने के लिए कार्रवाई करेंगे। इससे उनको वेतन में बढोतरी का फायदा मिलेगा।

महापौर ने सफाई कर्मचारी संगठनों के प्रति आभार भी व्यक्त किया। सफाई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने महापौर को आश्वत किया कि इंदौर स्वच्छता में नंबर वन है और आगे भी देश में सिरमौर बना रहेगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *