एआईसीटीएसएल इंदौर की कार्यकारिणी बोर्ड की बैठक सम्पन्न।
इंदौर : बुधवार को अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड, की बोर्ड बैठक, बोर्ड अध्यक्ष एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बताया गया कि ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए इंदौर शहर को 50 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिलेगी। इन बसों के संचालन हेतु आईएसबीटी, नायता मुंडला एवं देवास नाका में इलेक्ट्रिक बस डिपो के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
बैठक में एआईसीटीएसएल बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं संभागायुक्त दीपक सिंह, निदेशक एवं कलेक्टर आशीष सिंह, प्रबंध निदेशक एवं निगमायुक्त शिवम वर्मा, निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी आईडीए रामप्रकाश अहिरवार तथा एआईसीटीएसएल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांक सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इंटरसिटी 26 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन जल्द प्रारंभ होगा।
बैठक में बताया गया कि जल्द ही इंदौर से उज्जैन, भोपाल, खरगोन, सेंधवा, खंडवा, बुरहानपुर, रतलाम, धार – मांडव और महेश्वर के लिए सर्वसुविधायुक्त इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रारंभ होगा। इस हेतु निविदा प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा दिए जाने के लिए आगामी आने वाली बसों हेतु ऑपर्च्युनिटी चार्जिंग स्टेशन का निर्माण पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा। नए इंटरसिटी मार्गों पर एसी लग्जरी बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की मांग के आधार पर पूर्व में की गई निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने से जल्द ही इंदौर से कोटा, इंदौर से मंदसौर होकर नीमच, इंदौर से जीरापुर, इंदौर से सोयत कला हेतु ए सी बसों का संचालन प्रारंभ होगा।
इंदौर से राजकोट (वाया सूरत), रायपुर (वाया नागपुर), जयपुर, ग्वालियर, कानपुर (वाया झांसी), अहमदाबाद, उदयपुर, पुणे, मुंबई, अयोध्या, वाराणसी, नई दिल्ली, दमोह, बांसवाड़ा, भुसावल व शहडोल मार्गों पर पुनः निविदा आमंत्रित की जाएगी।
इंदौर से भोपाल के मध्य हेलीकॉप्टर सुविधा प्रारंभ किए जाने हेतु एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) मंगाएं जायेंगे। लास्ट माइल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने हेतु भविष्य में शहर में ई बाइक के संचालन के विषय में चर्चा की गई। वर्तमान में इस हेतु माय बाइक प्रोजेक्ट के अंतर्गत 1500 साइकिलों का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि एआईसीटीएसएल को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने हेतु विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में ए बी रोड पर स्थापित 42 यूनीपोल पर विज्ञापन हेतु निविदा आमंत्रित की गई है। जल्द ही डिपो पर यूनीपोल लगाए जाने एवं उस पर विज्ञापन हेतु निविदा प्रक्रिया की जाएगी।
महापौर द्वारा रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में शहर में संचालित सभी बसों में महिला यात्रियों हेतु नि:शुल्क यात्रा की घोषणा भी की गई। इसके साथ ही बैठक में बस संचालन संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।








