इंदौर पहुंचने पर समरसता यात्रा का किया गया भव्य स्वागत

  
Last Updated:  August 5, 2023 " 05:03 pm"

यात्रा का जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।

मंत्री सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी विशेष रूप से हुए शामिल।

इंदौर : संत शिरोमणि रविदास महाराज के भव्य मंदिर निर्माण के उद्देश्य से निकाली जा रही समरसता यात्रा का शुक्रवार को इंदौर में दूसरा दिन था। दूसरे दिन भी इस यात्रा में बड़ी संख्या में जनसमुदाय जुड़ा। यात्रा का सवा सौ से अधिक मंचों के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया। जिस क्षेत्र से यात्रा निकाली वह पूरा क्षेत्र संत शिरोमणि रविदास महाराज से जयकारों से गुंजायमान हो गया। यात्रा में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, अनूसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, पूर्व विधायक जीतू जिराती व राजेश सोनकर, यात्रा के प्रभारी सूरज केरो, मधु वर्मा, संदीप दुबे, दिनेश वर्मा विशेष रूप से मौजूद थे।

संत शिरोमणि रविदास समरसता यात्रा 3 अगस्त को इंदौर जिले में पहुंची थी। यात्रा ने डॉ. अम्बेडकर नगर महू में विश्राम किया। महू में यात्रा का कलश यात्रा के साथ भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के प्रभारी सूरज केरो ने डॉ. अम्बेडकर स्मारक पहुंचकर डॉ. बाबा साहब अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात यात्रा राऊ के लिए रवाना हुई। राऊ पहुंचने पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यहां जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके पश्चात यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए महू नाका और रविदासपुरा पहुंची। रविदासपुरा में भी जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यात्रा का सवा सौ से अधिक मंचों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, विभिन्न धर्मों, विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। जगह-जगह ढोल ताशों के साथ स्वागत किया गया। यात्रा के साथ चल रही संत रविदास महाराज की पादुका और चित्र का पूजन किया गया। यात्रा में अनेक संत, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और समाज के हर तबके के लोग अपार उत्साह के साथ शामिल हुए। यह यात्रा शाम को हातोद पहुंची। हातोद में यात्रा का रात्रि विश्राम रहेगा। इसके बाद यह यात्रा 5 अगस्त को वापस इंदौर आएगी। इंदौर में 5 अगस्त को पंचशील नगर में सुबह साढ़े 11 बजे, मालवा मिल में दोपहर 2 बजे और खातीपुरा श्रीराम मंदिर रानीपुरा में जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित होगा।यह यात्रा 6 अगस्त को पुन: शुरू होगी। सुबह 9 बजे रूस्तम का बगीचा, दोपहर 12 बजे खुड़ैल बुजुर्ग और दोपहर साढ़े तीन बजे डबल चौकी में जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यह यात्रा इसके बाद हरदा के लिए रवाना होगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *