इंदौर : चैत्र शुक्ल प्रतिपदा गुड़ीपडवा से प्रारम्भ भारतीय नव वर्ष विक्रम संवत 2079 का स्वागत इंदौर में हर्षोल्लास के साथ किया गया। घरों और सार्वजनिक स्थानों पर गुड़ी सजाई गई, पूजन किया गया और उगते सूर्य को जल चढ़ाकर शहर, देश, प्रदेश में खुशहाली की कामना की गई।
राजवाड़ा पर छाया नव वर्ष का उल्लास।
राजवाड़ा चौक में लोक संस्कृति मंच, संस्कार भारती और इंदौर नगर निगम के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में मंत्रोच्चार के बीच उगते सूर्य को अर्ध्य (जल चढ़ाकर ) देकर नए वर्ष की अगवानी की गई। सूर्य को अर्ध्य देने वालों में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, विधायक मालिनी गौड़, अण्णा महाराज, दादू महाराज, लक्ष्मणदास महाराज, अमृतराज महाराज, साध्वी सत्यप्रिय, अर्चना चितले, ज्योति तोमर, विनीता धर्म, शालिनी शर्मा सहित अन्य विशिष्टजनों और बड़ी संख्या में महिला- पुरुष व युवा शामिल थे।
गुड़ी पूजन के साथ पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम।
पौ फटने के पूर्व ही राजवाड़ा पर भगवा और पीले वस्त्रों में सजे- धजे लोगों का आगमन शुरू हो गया था। छोटे- छोटे बच्चे भी मनोहारी वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। कार्यक्रम स्थल भगवा पताकाओं से सजाया गया था। मंच पर गुड़ी के साथ राम दरबार भी स्थापित किया गया था। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और गुड़ी पूजन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। सरगम संगीत महाविद्यालय की छात्राओं ने राम नाम की महिमा कत्थक नृत्य के जरिए पेश की। संतोष अग्निहोत्री ने प्रभाती गायन पेश किया।इसी के साथ गीत रामायण के प्रसंग राम राज्याभिषेक की प्रस्तुति नृत्य के माध्यम से दी गई।
अंत में सभी लोगों को पंजरी और पेड़े का वितरण कर भारतीय नव वर्ष विक्रम संवत 2079 की शुभकामनाएं दी गई।






