उज्जैन कलेक्टर ने महाकाल लोक के द्वितीय चरण के कार्यों का लिया जायजा

  
Last Updated:  February 2, 2023 " 08:11 pm"

समय सीमा तय कर निर्माण कार्यों को पूरा करने के दिए निर्देश।

उज्जैन : कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने गुरुवार सुबह त्रिवेणी संग्रहालय स्थित बैठक कक्ष में महाकाल लोक के द्वितीय चरण के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अब तक हुए निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए हैं कि द्वितीय चरण के निर्माण कार्यों की टाइम लाइन तैयार की जाए तथा सभी निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने कहा है कि सभी प्रोजेक्ट हेड व इंजीनियर्स की बैठक बुलाकर निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा आने वाले सप्ताह में की जाएगी। उन्होंने आगामी 18 फरवरी को आयोजित किए जाने वाले शिव ज्योति अर्पणम् कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

बैठक में स्मार्ट सिटी सीईओ आशीष पाठक और महाकालेश्वर मन्दिर प्रशासक संदीप सोनी सहित स्मार्ट सिटी के विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में स्मार्ट सिटी सीईओ द्वारा श्री महाकाल लोक के प्रथम चरण के तहत किए गए निर्माण कार्यों की जानकारी दी गई एवं द्वितीय चरण के चल रहे कार्यों के बारे में पॉवर पाइन्ट प्रजेंटेशन के माध्यम से निर्माण कार्यों की प्रगति से अवगत करवाया गया। बैठक में श्री महाकाल लोक के पूर्ण हो चुके कार्यों के मेंटेनेंस को लेकर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि महाकाल लोक के मेंटेनेंस के लिए हाऊस कीपिंग, सुरक्षा व हार्टिकल्चर के बिन्दुओं को ध्यान में रखकर योजना बनाई जाना चाहिए। कलेक्टर ने बैठक के बाद ई-कार्ट से सम्पूर्ण महाकाल लोक का भ्रमण किया तथा चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मन्दिर जाकर यहां भी चल रहे कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *