उत्साह के साथ मनाया गया धुलेंडी का पर्व, रंगों में सराबोर हुए हर उम्र के लोग

  
Last Updated:  March 18, 2022 " 06:13 pm"

इंदौर : गुरुवार रात होलिका दहन के बाद शुक्रवार को धुलेंडी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बच्चे , युवा और बुजुर्ग सभी रंगपर्व की मस्ती में डुबे नजर आए। गली- मोहल्ले, कालोनियां, मल्टी, टाउनशिप हर जगह होली का उत्साह दिखाई दिया। कोरोना के चलते दो साल होली के उल्लास से वंचित रहे लोगों ने इस बार खूब धमाल मचाई। छोटे बच्चे पिचकारी में रंग भर कर एक दूसरे को भिगोने में जुटे थे, वहीं युवाओं की टोलियां भी ढोल- ढमाके के साथ ठुमके लगाते हुए एक- दूसरे को रंग- गुलाल से सराबोर कर रही थी। बुजुर्गों को छोटों ने गुलाल का तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया।
ज्यादातर लोगों ने घर- परिवार, नाते- रिश्तेदार और परिचितों के साथ होली खेलकर इस पर्व की खुशियां मनाई। महिलाएं भी रंगपर्व का लुत्फ उठाने में पीछे नहीं रहीं। उन्होंने अपनी सहेलियों और परिचित महिलाओं को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। दूरदराज की टाउनशिप में भी जमकर रंगों की धमाल मचाई गई। लोग अपने- पराए का भेद भूलकर रंगों की मस्ती में डूबते रहे। दोपहर बाद तक ये सिलसिला चलता रहा।

भंग व ठंडाई की दुकानों पर लगी भीड़।

देशी- विदेशी मदिरा की दुकानें तो जिला प्रशासन के आदेश पर बन्द रखी गई थीं, लेकिन भंग व ठंडाई की दुकानें खुली रहीं। शौकीन लोगों ने रंगों की मस्ती में डूबने के साथ भंग व ठंडाई के सेवन का भी भरपूर मजा लिया। भंग का नशा कुछ ऐसा था कि लोग सबकुछ भूलकर अपनी ही तरंग में झूमते रहे।

पुलिस के रहे पुख्ता इंतजाम।

आयुक्त प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस ज्यादा सजग हो गई है। धुलेंडी पर इसका असर नजर आया। सभी प्रमुख चौराहों पर बेरिकेडिंग कर पुलिस आने- जाने वाले वाहन चालकों की जांच कर रही थीं। ब्रीथ एनालाइजर के जरिए शराब पीकर वाहन चला रहे वाहन चालकों की धर- पकड़ की गई। दुपहिया वाहनों पर तीन सवारी बिठाकर दौड़ा रहे वाहन चालकों के भी चालान बनाए गए।
हुड़दंग करने का प्रयास कर रहे युवाओं की भी पुलिस ने अपने अंदाज में खातिरदारी की। पूरे शहर में पुलिस का माकूल इंतजाम होने से कहीं कोई बड़ी अप्रिय घटना घटित नहीं हुई।

उधर, सोशल मीडिया पर दिनभर होली के शुभकामना संदेश भेजने का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने अपने मित्रों, परिचितों और स्नेहीजनों को होली की शुभकामनाएं प्रेषित की।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *