एक सप्ताह के लिए राजवाड़ा चौक में ऑटो – ई रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित

  
Last Updated:  May 26, 2024 " 01:08 am"

नवलखा और आसपास के क्षेत्र में शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय।

इंदौर : शहर में यातायात व्यवस्था के सुधार हेतु लगभग 30 चौराहों पर आवश्यकतानुसार सिग्नल लगाए जाएंगे। राजवाड़ा चौक में यातायात को सुगम बनाने के लिए ऑटो, ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। नवलखा और आसपास के क्षेत्र में शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। चिन्हित ब्लैक स्पॉट में आवश्यक सुधार कर ब्लैक स्पॉट समाप्त किए जाएंगे।

यह निर्णय कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए। बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, डीसीपी यातायात अरविंद तिवारी, एसपी ग्रामीण सुनील मेहता, अपर कलेक्टर रोशन राय सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में बताया गया कि इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लगभग 30 चौराहों को चिन्हित किया गया है। इनमें मुख्य रूप से भमोरी चौराहा, विजय नगर चौराहा, सत्यसांई चौराहा, पलासिया चौराहा, गीता भवन चौराहा, नवलखा चौराहा, छावनी चौराहा, रीगल चौराहा, महूनाका चौराहा, अंतिम चौराहा, रेडिसन चौराहा आदि शामिल हैं। इन चौराहों पर आवश्यक सुधार करने के साथ जहां सिगनल नहीं है, वहां सिग्नल लगाए जाएंगे। आवश्यकतानुसार डिवाइडर भी लगाए जाएंगे। जहां अनाधिकृत अतिक्रमण है, वहां से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। चौराहों पर पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए एफओबी बनाये जाएंगे। प्रायोगिक तौर पर सर्वप्रथम रेडिसन चौराहे पर एफओबी बनाया जाएगा। यदि इससे यातायात व्यवस्था में सुधार परिलक्षित होता है तो अन्य चिन्हित चौराहों पर भी एफओबी बनाये जाएंगे।

बैठक में राजवाड़ा चौक में यातायात में सुधार हेतु ऑटो, ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित किए जाने का निर्णय लिया गया। प्रारंभिक तौर पर ट्रायल के लिए 7 दिन के लिए ऑटो, ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। यदि इससे यातायात में सुधार होता है तो इस व्यवस्था को नियमित रूप से लागू किया जाएगा। बताया गया कि नवलखा और आसपास के क्षेत्र में दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर ट्राफिक जाम होता है। इसके लिए निर्णय लिया गया कि नवलखा और आसपास के क्षेत्रों में शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए।

बैठक में बताया गया कि नवलखा बस स्टैण्ड और तीन इमली बस स्टैण्ड को शीघ्र ही नायता मुंडला बस स्टैण्ड में शिफ्ट किया जाएगा। नायता मुंडला बस स्टैण्ड और कुम्हेड़ी से लाँग रूट की बसों का संचालन शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। बैठक में जानकारी दी गई कि सत्यसांई चौराहें की बनावट सही नहीं होने से स्कीम नंबर 54 की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित होता है। निर्णय लिया गया कि यहां फुटपाथ से दुकानों का अतिक्रमण हटाया जाकर एफओबी बनाया जाएगा। इंडस्ट्री हाउस तिराहा से धोबीघाट की ओर जाने वाले वाले मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। पलासिया चौराहा में लेफ्ट टर्न और गीता भवन चौराहा में डिवाइडर बढ़ाए जाएंगे। गंगवाल बस स्टैंड पर यातायात के दबाव को कम करने के लिए बस स्टैंड को उचित स्थान देखकर शिफ्ट किया जाएगा। इसके साथ ही बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। बैठक में जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों पर कई जगह आवश्यक सुधार किए जाने पर भी चर्चा की गई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *