केनोए स्लालोम में मप्र ने चारों स्वर्ण पदकों पर जमाया कब्जा

  
Last Updated:  February 8, 2023 " 05:14 pm"

खेलो इंडिया यूथ गेम्स (मप्र) 2022 (राउंडअप)

कबड्डी में मप्र की लड़के – लड़कियों की टीमों को मिली हार।

भारोत्तोलन में अरुणाचल प्रदेश को मिले 2 स्वर्ण, असम और तमिलनाडु ने भी एक-एक स्वर्ण जीता।

टेनिस में नंबर-1 सीड आर्यन शाह सेमीफाइनल में पहुंचे।

इंदौर : महेश्वर के सहस्रधारा में नर्मदा नदी की गोद में आयोजित कैनोए स्लालोम इवेंट में मध्य प्रदेश ने क्लीन स्वीप किया है। मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली ढंग से दांव पर लगे चारों स्वर्ण पदकों पर कब्जा किया। भारोत्तोलन में जहां अरुणाचल प्रदेश की लड़कियों ने दो स्वर्ण जीते वहीं कबड्डी में मप्र के लड़के और लड़कियों को हार का सामना करना पड़ा।

कैनोए स्लालोम में मप्र को चार स्वर्ण।

कैनोए स्लालोम में सोमवार को लड़कों के वर्ग में प्रद्युम्न सिंह राठौर ने बाजी मारी थी जबकि लड़कियों के वर्ग में मानसी बाथम विजयी रही थीं। मंगलवार को लड़कों के वर्ग में विशाल शर्मा और लड़कियों के वर्ग में भूमि बघेल ने भी स्वर्ण पदक जीता।

बता दें कि मप्र सरकार ने छह साल पहले घोषणा की थी कि महेश्वर अब भारत का पहला वाटर स्लालोम सेंटर बन गया है। राज्य की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की देखरेख में तब से लेकर आज तक इस आयोजन स्थल में काफी सुधार हुआ है। यही कारण है कि मप्र ने कैनोए स्लालोम में दांव पर लगे सभी चार स्वर्ण पदकों पर कब्जा किया। विशाल ने सी1 कटेगरी में 80.870 सेकेंड समय के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि कार्तिक एस (कर्नाटक) 366.410 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वेमुला कुमार (आंध्र प्रदेश) ने 521.400 सेकेंड के साथ कांस्य जीता। इसी तरह लड़कियों के वर्ग में के1 स्पर्धा में भूमि बघेल ने 90.060 सेकेंड के साथ सोना जीता। नगादी गायत्री (आंध्र प्रदेश) 272.670 सेकेंड के साथ दूसरे और जान्हवी रायकवार (महाराष्ट्र) 398.600 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

अभय प्रशाल में जारी लड़कियों के कबड्डी मैच में हालांकि मध्य प्रदेश को निराश हाथ लगी। महाराष्ट्र ने ग्रुप-ए में मेजबान टीम 48-27 से हराया। लड़कों के ग्रुप ए के मुकाबले में राजस्थान ने बिहार को 46-36 के अंतर से हराया जबकि हरियाणा ने ग्रुप बी में चंडीगढ़ को 78-21 के अंतर से बुरी तरह रौंद दिया। लड़कियों के वर्ग मे ग्रुप बी में प. बंगाल ने चंडीगढ़ को 40-30 से हराया जबकि लड़कियों के ग्रुप ए में हरियाणा ने तेलंगाना पर 62-18 के अंतर से विजय पाई। लड़कों के ग्रुप एक में बिहार और मध्य प्रदेश के बीच रोमांचक भिड़ंत हुए, जिसमें बिहार को 52-41 से जीत मिली। लड़कों के वर्ग में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को ग्रुप बी मुकाबले में 56-31 से हराया जबकि लड़कियों के वर्घ में हिमाचल प्रदेश ने ग्रुप बी में बिहार को 47-26 से हराया।

भारोत्तोलन में लड़कियों के मुकाबलों में 49 किग्रा में पंचामी सोनोवाल (असम), कुल 154 किग्रा (स्नैच 65, क्लीन एंड जर्क 89 किग्रा) के साथ पहले स्थान पर रहीं जबकि रितिका वी. (तमिलनाडु) कुल 153 किग्रा (स्नैच 68, क्लीन एंड जर्क 85 किग्रा) ने रजत जीता। कांस्य कोयेल बार (प बंगाल) कुल 147 किग्रा (स्नैच 64, क्लीन एंड जर्क 83 किग्रा) को मिला।

55 किग्रा में बोनी मांगख्या (अरुणाचल प्रदेश) स्नैच -74 किग्रा, क्लीन एंड जर्क -102 किग्रा, कुल -176 किग्रा ने सोना जीता जबकि एल नीलम देवी (मणिपुर) स्नैच – 76 किग्रा क्लीन एंड जर्क – 95 किग्रा कुल – 171 किग्रा ने रजत और मीना सांता (ओडिशा) स्नैच – 75 किग्रा क्लीन एंड जर्क – 93 किग्रा कुल -165 किग्रा को कांस्य मिला।
लड़कों के मुकाबलों में 61 किग्रा में शंकर लापुंग (अरुणाचल प्रदेश) स्नैच – 108 किग्रा, क्लीन एंड जर्क 140 किग्रा, कुल – 248 किग्रा के साथ पहले स्थान पर रहे जबकि सिद्धांत गोगोई (असम) स्नैच – 110 किग्रा, क्लीन एंड जर्क-133 किग्रा, कुल – 243 किग्रा के साथ दूसरे स्थान पर रहे। शुभम कालभोर (महाराष्ट्र) स्नैच – 108 किग्रा, क्लीन एंड जर्क -132 किग्रा, कुल – 240 किग्रा ने कांस्य जीता।

इसी तरह लड़कों के 67 किग्रा में टी. माधवन (तमिलनाडु) ने स्नैच – 125 किग्रा, क्लीन एंड जर्क – 156 किग्रा के साथ कुल – 281 किग्रा वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया। टाप्स डेवलपमेंट एथलीट मार्कियो तारियो (अरुणाचल प्रदेश) स्नैच- 119 किग्रा, क्लीन एंड जर्क 150 किग्रा और कुल – 269 किग्रा के साथ दूसरे और बेंगिया तानी (अरुणाचल प्रदेश) स्नैच- 117 किग्रा, क्लीन एंड जर्क – 150 किग्रा, कुल – 267 किग्रा के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

टेनिस में लड़कों के क्वार्टर फाइनल मैच में नंबर-1 सीड आर्यन शाह (गुजरात) ने गगन राकेश विमल (तमिलनाडु) को 6-1, 6-1 से हराया जबकि जेसन माइकल डेविड (कर्नाटक) ने वंश नांदल (हरियाणा) को 6-1, 6-4 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। इसी तरह प्रणव कार्तिक (तमिलनाडु) ने स्कंद प्रसन्ना राव (कर्नाटक) को 6-0, 6-4 से हराया जबकि दक्ष प्रसाद (2) (मप्र) निशित रहाणे (महाराष्ट्र) को 7-6 (3), 6-4, 6-3 से हराकर अंतिम-4 दौर में पहुंचे।

लड़कियों के क्वार्टर फाइनल में तेजस्वी डबास (दिल्ली) ने एंजेल प्रकाश पटेल (दमन और दीव) को 7-5, 6 -3 से हराया जबकि एस. पाटिल (4) (महाराष्ट्र) ने पी. लक्ष्मी (तमिलनाडु) को 6-7 (5), 6-3, 6-0 से हराया। इसी तरह मधुरिमा सावंत (3) (महाराष्ट्र) ने असमी निहार अडकर (महाराष्ट्र) को 6-2, 2-6, 6-0 से हराया। सुहिता मुरारी (2) (कर्नाटक) भी रुमा गायकवारी (महाराष्ट्र) के खिलाफ 6-1, 2-6, 6-4 से जीत हासिल करने में सफल रहीं।
लड़कियों के युगल क्वार्टर फाइनल में हन्ना नागपाल/सौमृता वर्मा (उत्तर प्रदेश) को वैष्णवी अडकर/मधुरिमा सावंत (महाराष्ट्र) के खिलाफ वाकओवर मिला। इसी तरह सोहिनी एस. मोहंती/अराध्या वर्मा (ओडिशा) को लक्ष्मी सिरी दांडू/संजना श्रीमल्ला (तेलंगाना) के खिलाफ वाकओवर मिला। पहल खराडकर/अमिशी शुक्ला (मध्य प्रदेश) ने सुहिता मारुरी/हर्षिनी एन (कर्नाटक) को 6-3, 6-4 से हराया जबकि तेजस्वी डबास/लक्ष्मी गौड़ा (दिल्ली) ने रुमा गायकवारी/सोनल पाटिल (महाराष्ट्र) को 2-6, 7-6 (5), 10-6 से हराया।

लड़कों के युगल क्वार्टर फाइनल में रेथिन प्रणव आरएस/गगन राकेश विमल (तमिलनाडु) को इजहान अशफाक/प्रत्युषराज गोयल से वाकओवर मिला जबकि तनिष्क जाधव / निशित रहाणे (महाराष्ट्र) ने वहीन पटेल / आर्यन शाह (गुजरात) को 7-6 (5), 6-4 से हराया। इसी तरह प्रणव कार्तिक/कार्तिक केएस कविन (तमिलनाडु) ने अर्णव जैन/मनवर्धन राखेचा (मध्य प्रदेश) को 6-3, 6-0 से और दीपम मलिक/ रियान शर्मा (दिल्ली) ने जेसन माइकल डेविड / स्कंद प्रसन्ना राव (कर्नाटक) को 3-6, 7-5, 13-11 से हराया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *