कोरोना ने छीनी 2 और लोगों की जिंदगी, मृतक संख्या हुई 32, संक्रमितों की तादाद पहुंची तीन सौ के करीब

  
Last Updated:  April 12, 2020 " 07:48 am"

इंदौर : कोरोना संक्रमण का बढ़ता प्रकोप चिंतित करने वाला है। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ मौतों का आंकड़ा भी रोज बढ़ रहा है। शनिवार को ऐसे दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जिनकी मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जड़िया ने इसकी पुष्टि की।

अभी तक 32 की हुई मौत।

सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि शनिवार को जिन दो मृतकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई उनमें से एक सोमनाथ की जूनी चाल और दूसरा मोती तबेला का निवासी था। उनकी उम्र 65 व 70 साल थी। इन्हें मिलाकर इंदौर में कोरोना से होनेवाली मौतों का आंकड़ा 32 हो गया है।
सीएमएचओ डॉ. जड़िया ने बताया की इंदौर में 49 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं।इन्हें मिलाकर पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 298 हो गई है। बताया जाता है कि सिद्धिपुरम कॉलोनी में एक ही परिवार के 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 236 मरीजों की हालत में सुधार है जबकि 13 मरीजों की हालत गम्भीर बनी हुई है।

12 सौ से ज्यादा आइसोलेशन में हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक इंदौर में 1250 लोगों को कोरोना से मिलते- जुलते लक्षण पाए जाने पर आइसोलेशन में रखा गया है। 1103 लोगों को होम क्वारनटाइन में रखा गया है। अच्छी बात ये है कि 3926 लोग होम क्वारनटाइन की अवधि पूरी कर चुके हैं और उन्हें अब क्वारनटाइन में नहीं रहना होगा।

8 और मरीजों ने कोरोना के खिलाफ जीती जंग।

कोरोना का प्रकोप भले ही बढ़ रहा हो पर उससे लड़कर शिकस्त देने वालों की तादाद भी कम नहीं है। शनिवार को अरविंदो अस्पताल में भर्ती रिंगरोड निवासी 62 वर्षीय मुंशी नामक मरीज की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। इसी तरह रविवार को एमआरटीबी अस्पताल से 7 मरीज पूरीतरह ठीक होने पर डिस्चार्ज किये गए। इनमें 2 खरगौन और 5 इंदौर के बताए गए हैं। फिलहाल अधिकृत रूप से इनका ब्यौरा नहीं दिया गया है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *