खरगोन में पुल से नदी में गिरी बस, 22 यात्रियों की मौत, 20 से अधिक घायल

  
Last Updated:  May 9, 2023 " 04:40 pm"

डोंगरगांव से इंदौर आ रही थी बस।

दसंगा गांव के पास बोराड नदी पर बने पुल से नीचे जा गिरी।

केंद्र और राज्य सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान।

खरगोन : मंगलवार सुबह खरगोन जिले में यात्री बस बोराड़ नदी पर बने 50 फीट ऊंचे पुल से रेलिंग तोड़ती हुई सुखी नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 22 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 20 से अधिक घायल हो गए। पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम शिवराज सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बस हादसे पर दुःख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। इस बीच मृतकों के परिजनों और घायलों के इलाज के लिए प्रदेश सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना की मेजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

22 की मौत, 20 से अधिक घायल।

बताया जाता है कि मां शारदा ट्रेवल्स की बस क्रमांक mp -10 p 7755 डोंगरगांव से इंदौर आ रही थी। उसी दौरान दसंगा गांव के समीप बोराड नदी पर बने पुल पर बस बेकाबू होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे सुखी नदी में जा गिरी। यात्रियों से भरी बस के नदी में गिरते ही अफरा – तफरी मच गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल यात्रियों को बस से निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। क्षेत्रीय विधायक रवि जोशी भी घटनास्थल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था करवाई। मिली जानकारी के मुताबिक 15 यात्रियों की मौत मौके पर ही हो गई थी। 07 यात्रियों की मौत इलाज के दौरान हुई। 20 से अधिक यात्री घायल हैं जिनका उपचार किया जा रहा है। बस में 45 यात्री सवार होना बताए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार बहुत तेज थी। ड्राइवर उसपर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सुखी नदी में जा गिरी।

मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान।

प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हादसे पर दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की गई है। इसीतरह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। साधारण घायलों को 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *